आठ अक्टूबर को मनाई जाएगी रामविलास पासवान की पहली पुण्यतिथि, पार्टी कार्यालय में होगा भव्य कार्यक्रम

पटना । केंद्रीय मंत्री व लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस की अध्यक्षता में रविवार को पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में लोजपा व दलित सेना के प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की एक दिवसीय बैठक हुई।

इसमें लोजपा सांसद चंदन सिंह, पूर्व सांसद सूरजभान सिंह समेत लोजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इस मौके पर पशुपति कुमार पारस ने कहा कि आठ अक्टूबर को पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की प्रथम पुण्यतिथि कार्यक्रम पार्टी कार्यालय में आयोजित होगी।

इसमें राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर रामविलास पासवान के साथ कार्य करने वाले नेता व कार्यकतार्ओं को आमंत्रित किया जाएगा। प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को भी इस कार्यक्रम का निमंत्रण दिया जाएगा और काफी भव्य तरीके से कार्यक्रम का आयोजन होगा।

वहीं पशुपति कुमार पारस ने केंद्र व प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि लोजपा पार्टी कार्यालय रामविलास पासवान के स्मारक स्थल के रूप में घोषित हो। हाजीपुर कलेक्ट्रेट में उनकी प्रतिमा लगाई जाए व केंद्र सरकार उन्हें भारत रत्न सम्मान दे।

You may have missed