छपरा में भूमि विवाद में बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, फायरिंग में दो युवक घायल

छपरा। जिले के चंद्रपुरा गांव में भूमि विवाद को लेकर एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या की गई है। इस फायरिंग में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान धारदार हथियार से दो लोगों को जख्मी भी किया गया है। घायलों का इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है।

मृतक जिले के तरैया थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव के 65 वर्षीय मैनेजर महतो बताए गए हैं। जबकि गोली लगने से सोनू कुमार व अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं धारदार हथियार से सुविन्द कुमार व जयप्रकाश कुमार भी जख्मी हैं। जिनका उपचार रेफरल अस्पताल तरैया में चल रहा है। मैनेजर महतो का अपने पड़ोसियों के साथ पहले से ही विवाद चल रहा था। विवाद की वजह से घर के समीप ताड़ी के पेड़ से फल गिरने पर सोनू उसे उठाने गया। जिसके बाद उनके पड़ोसी प्रहलाद महतो के चारों बेटे उसके ऊपर भिड़ गए और धारदार हथियार से मारने लगे।

इस दौरान मैनेजर महतो उसे बचाने गए तो उन पर लोगों ने पिस्टल निकालकर उनके ऊपर फायरिंग कर दी। जिससे गोली लगने से मैनेजर महतो की मौत मौके पर हो गई। वहीं गोली लगने से सोनू और अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

वहीं, सूचना के बाद तरैया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मैनेजर महतो के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक पूर्व से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। इस मामले में तरैया थानाध्यक्ष ने बताया कि मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की जा रही है। भूमि विवाद में मैनेजर महतो की गोली मारकर हत्या करने की पुष्टि की है।

You may have missed