October 24, 2026

फतुहा में स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत व दूसरा घायल, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम

फतुहा। बिहटा दनियावा राजमार्ग पर प्रखंड के बीबीपुर गांव के पास शनिवार को सुबह 10 बजे के करीब अज्ञात स्कॉर्पियो ने एक बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दो लोग सड़क पर गिर गए। इस घटना में जहां 45 वर्षीय व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई ,वहीं दूसरा गंभीर रुप से जख्मी हो गया। घटना की जानकारी होते ही गांव के अधिकांश लोग घटनास्थल पर पहुंचे व जख्मी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर चले गए। उधर, स्कार्पियो को चालक लेकर फरार हो गया।

इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिहटा शरमेरा पथ एसएच 78 पर शव को रखकर जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा करने लगे। जानकारी होते ही संबंधित थाना गौरीचक की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व आक्रोशित लोगों को काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया। लेकिन लोग स्कॉर्पियो चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। करीब घटनास्थल पर दो बजे तक जाम की स्थिति बनी रही।

इसके बाद मसाढी पंचायत के मुखिया राजीव कुमार व पूर्व जिला पार्षद कृष्णा प्रसाद जाम स्थल पर पहुंचे और मृतक के आश्रित को पारिवारिक लाभ योजना के तहत बीस हजार रुपयेे की चेक व सहायता राशि के रुप में 11 हजार रुपये की मदद की। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम को हटा लिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया। बताया जाता है कि बीबीपुर गांव के अखिलेश राम अपने भांजे सोनू कुमार के साथ बाइक से गांव से निकलकर पड़ोसी गांव की ओर जा रहे थे तभी यह हादसा हो गया।

 

You may have missed