कोरोना संक्रमितों के लिए आगे आई पुलिस, तीन टीमें करेंगी मदद

filephoto
रांची। रांची में कोरोना संक्रमण दिनों दिन बढ़ते जा रहा है। लोग संक्रमित मरीजों को लेकर एक से दूसरे अस्पताल का चक्कर लगा रहे हैं। इसे दूर करने के लिए रांची पुलिस ने तीन टीमें बनाई हैं। जो लोगों की समस्याओं को सुनने के साथ ही मदद भी पहुंचाएगी।

रांची पुलिस की ये टीम रिम्स अस्पताल की जिम्मेवारी संभाल रही है। तो दूसरी टीम सदर अस्पताल की जिम्मेवारी संभालेगी। जबकि एक टीम रिजर्व है। जो जरूरत के मुताबिक किसी भी अस्पताल में पहुंच कर लोगों को मदद पहुंचाने का काम करेगी। इसके साथ ही निजी अस्पतालों में भी दो पुलिस आॅफिसरों को नियुक्त किया गया है। ताकि वहां भी लोगो को किसी तरह की सुविधा का आभाव नहीं हो। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के अनुसार पुलिस लोगों की मदद के लिए है और इस समय इससे बड़ी मदद और कुछ नहीं है। पुलिस की टीमें लगातार लोगों के इलाज और अन्य सुविधाओं के लिए लगी रहेगी।
रिम्स अस्पताल के लिए टीम के वोलंटियर पदाधिकारी के रूप में बरियातू थाना प्रभारी सपन कुमार महथा को रखा गया है। उनके साथ पुलिस लाइन से चार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
सदर अस्पताल के लिए लोअर बाजार थाना प्रभारी को वालंटियर पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ भी पुलिस लाइन से चार अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
रांची जिला के किसी भी अस्पताल या कहीं भी जरूरत के अनुसार वोलंटियर पदाधिकारी के रूप में पुलिस लाइन में पोस्टेड इंस्पेक्टर जॉन मुर्मू को प्रतिनियुक्त किया गया है। उनके साथ पांच अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को वाहन के साथ प्रतिनियुक्त किया गया है।
ये हैं दायित्व
कोविड-19 संक्रमित मरीजों का अस्पताल में भर्ती होने में मदद करेंगे।
अस्पताल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर बेड मुहैया कराने में सहयोग करेंगे।
सैंपल कलेक्शन वाले स्थान पर भीड़ एकत्रित नहीं होने देंगे। उन्हें कोविड-19 प्रोटोकोल के अनुसार व्यवस्थित करेंगे।
खुद फेस मास्क, फेस शिल्ड और सेनेटाइजर का प्रयोग करेंगे। साथ ही संक्रमित व संदिग्धों को भी पहनने के लिए प्रेरित करेंगे।