खेत में उतरीं वैशाली की डीएम वर्षा सिंह,महिलाओं संग की धान की रोपनी..तस्वीरें हुईं वायरल..

वैशाली।वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। बिदुपुर प्रखंड में जैविक खेती का निरीक्षण करने पहुंचीं डीएम ने जब खेत में महिलाओं को धान की रोपनी करते देखा, तो वे खुद भी खेत में उतर गईं और कुछ समय तक महिलाओं के साथ रोपनी कर उनका हाथ बंटाया।

इस दौरान मौजूद लोगों ने उनके इस सहज और प्रेरणादायी व्यवहार की तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिए। देखते ही देखते ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं और लोग डीएम के सादगीपूर्ण एवं जनसरोकार से जुड़े इस कदम की सराहना करने लगे।

दरअसल, डीएम वर्षा सिंह बिदुपुर क्षेत्र में जैविक खेती की प्रगति और किसानों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेने पहुंची थीं। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने खेत में कार्यरत महिलाओं से बातचीत की, खेती की जानकारी ली और फिर स्वयं धान की रोपनी कर उनके श्रम में सहभागिता निभाई।

वैशाली की डीएम वर्षा सिंह पहले भी सामाजिक सरोकारों और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण चर्चा में रही हैं। उनका मानना है कि प्रशासन केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि लोगों के बीच जाकर उनकी मेहनत और समस्याओं को समझना भी उतना ही आवश्यक है। यही वजह है कि उनके इस मानवीय और सरल व्यवहार की तस्वीरें व वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।

You may have missed