पटना पुलिस का बिग एक्शन:-वारदात की साजिश रच रहे पांच अपराधी गिरफ्तार,कार्बाइन और कारतूस बरामद

पटना। बिहटा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी सिमरी बहुपुरा गांव में किसी गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में इनके पास से एक देसी कट्टा, एक देसी कारबाइन, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस, कई खाली खोखे और शराब की बोतलें बरामद की गई हैं।

पश्चिमी पटना के सिटी एसपी संकेत कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी सिमरी बहुपुरा गांव में एकत्र होकर बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही दानापुर डीएसपी-2 और बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार, हिमांशु कुमार उर्फ सोनू, सुजीत कुमार, शशि कुमार और रोशन कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी मनेर थाना क्षेत्र के मौला गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पूछताछ और प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि गिरफ्तार सभी युवक एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं और इलाके में दहशत फैलाने का काम करते थे। हाल के दिनों में बहुपुरा बाजार में हुई फायरिंग की घटना में भी इस गिरोह की भूमिका की जांच की जा रही है।

सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार पांच आरोपियों में से तीन का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ बिहटा, मनेर और रानीतालाब थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी और अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले दर्ज हैं। कुछ मामलों में ये फरार भी चल रहे थे।

पुलिस फिलहाल बरामद हथियारों और कारतूसों के स्रोत की जांच कर रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed