August 13, 2026

PATNA : दीघा विधायक पर उखड़े हैं अलकापुरी के लोग, सड़क-नाला निर्माण को लेकर किया बाईपास जाम

सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारा लगा किया मतदान बहिष्कार का एलान


फुलवारी शरीफ। पटना के गर्दनीबाग के अलकापुरी रोड नंबर 13 के स्थानीय नागरिकों ने सड़क व नाला निर्माण की मांग को लेकर बाईपास सड़क को बेउर मोड़ के पास जाम कर करीब डेढ़ घंटे तक स्थानीय विधायक के प्रति अपनी नाराजगी का इजहार किया। जाम कर रहे लोगों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारा लगा मतदान का बहिष्कार करने का एलान भी किया। बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों का हो हंगामा के चलते बाईपास पर वाहनों का जाम लग गया। सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने अपने हाथो में तख्तियां लेकर स्थानीय विधायक संजीव चौरसिया के खिलाफ अपना गुस्सा उतारा। प्रदर्शन के कारण बेउर बाईपास मुख्य मार्ग पूरी तरह से जाम रहा, जिसके बाद मौके पर गर्दनीबाग और बेउर थाना के थानेदार दल-बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर हंगामा शांत कराया। वहीं स्थानीय लोगों ने इस दौरान सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारे लगाया।
अलकापुरी और पूर्वी भिखाचक के लोगों को विकास से दूर रखा गया है। जहां आज तक सही रूप में सड़क और नाला तक का निर्माण नहीं हुआ है। प्रदर्शंनकारियों का कहना था कि एक व्यक्ति ने सड़क के निर्माण कार्य के बीच ही यह कहकर निर्माण कार्य में बाधा डाल रखा है कि सड़क जिधर से जा रही है, उसमें उनकी अपनी जमींन जाती है। वहीं लोगों का गुस्सा था कि स्थानीय जनप्रतिनिधि केवल चुनाव में वोट के वक्त ही नजर आते हैं फिर इस तरफ देखना भी पसंद नही करते।

You may have missed