August 14, 2026

अश्विनी चौबे का राजद पर हमला : कहा- लप्पू के पिता गप्पू ने नौकरी के नाम पर खूब दिया था झांसा, बच के रहने की है जरूरत

पटना। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे शुक्रवार को राजद पर पूरी तरह से हमलावर दिखे। उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि छपरा में लप्पू के पिता गप्पू ने सभी को नौकरी देने का वादा किया था। उस वादे का क्या हुआ? लाखों की संख्या में आवेदन सड़ गए थे। आज फिर से बिहार की जनता को नौकरी के नाम पर झांसा देने का काम किया जा रहा है। श्री चौबे शुक्रवार को जेएम उच्च विद्यालय, रायपुरा गड़खा में एनडीए प्रत्याशी ज्ञानचंद्र मांझी के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राजद कांग्रेस और वामपंथियों ने हमेशा भ्रष्टाचार, अपराध, लूट तंत्र को संरक्षण दिया, उन्हें बढ़ाने का काम किया। जबकि एनडीए जो कहती है, उसे धरातल पर उतारती है। उन्होंने भाजपा के घोषणा पत्र में किए गए वादे को दोहराते हुए कहा कि प्रत्येक बिहारवासियों को मुफ्त में कोरोना वैक्सीन का टीका लगेगा। सुशासन की सरकार सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के आधार पर आगे भी सर्वांगीण विकास करती रहेगी। जनता से केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने एनडीए प्रत्याशी ज्ञान चंद्र मांझी के लिए आशीर्वाद मांगा।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बिहार बनाना है। इसलिए एक-एक एनडीए के प्रत्याशी को जीता कर विधानसभा में भेजना है। महागठबंधन ने हमेशा जनता को ठगने का काम किया है। जिस तरह से जनता कोरोना को हरा रही है। उसी तरह से विधानसभा चुनाव में हराकर उन्हें सबक सिखाएगी। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में नीतीश कुमार ने कोरोना के दौरान अभूतपूर्व कार्य किया। आज पूरी दुनिया में बिहार का कोरोना से ठीक होने का दर 95 फीसदी से अधिक हो गया है। अश्विनी चौबे ने कहा कि भाजपा ने जो संकल्प पत्र तैयार किया है। एक-एक वादे को धरातल पर उतारेगी। 19 लाख रोजगार का सृजन होगा। नया व आत्मनिर्भर बिहार बनेगा। एनडीए के नेतृत्व में जनता के आशीर्वाद से सुशासन की सरकार चलती रहेगी।

You may have missed