बिहार क्रांति महासम्मेलन में बोले रावत, न्यूनतम समर्थन मूल्य को समाप्त करने की तैयारी में है केंद्र सरकार

पटना। बिहार कांग्रेस के वर्चुअल रैली बिहार क्रांति महासम्मेलन में मंगलवार को प्रदेश के सारण तथा वैशाली जिले के कार्यकर्त्ताओं तथा आम जनों के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं ने दिल्ली और पटना स्थित मंच से वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने वर्चुअल संवाद स्थापित किया। दिल्ली मंच से राष्ट्रीय सचिव सह बिहार प्रभारी अजय कपूर ने वर्चुअल सम्मेलन का संचालन किया। दिल्ली मंच पर मुख्य वक्ता के तौर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पंजाब के महासचिव प्रभारी हरीश रावत और विधायक सह बिहार स्क्रीनिंग कमिटी के सदस्य काजी निजामुद्दीन, बिहार महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विधायक अमिता भूषण, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अशोक राम, दीपक नेगी और प्रणव जी उपस्थित रहें।
महासम्मेलन के वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया था और अब उन्हें कोरोना का बहाना मिल गया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने वैश्विक मंदी के बीच भी भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सेना चीन सहित तमाम शत्रु देशों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए काफी है। पीएम मोदी ने चीनी घुसपैठ की कोशिशों को नकारा था लेकिन आज मीडिया में घुसपैठ की खबरें आ रही हैं तो उनको स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने देश को धोखे में रखा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की हकमारी तो पहले ही केंद्र की निरंकुश सरकार ने कर रखी थी लेकिन अब कांग्रेस द्वारा लाये गए किसानों की हितैषी न्यूनतम समर्थन मूल्य को भी अध्यादेश लाकर खत्म करना चाहती है। उन्होंने बिहार के कांग्रेसजन और आम लोगों से आह्वान किया कि बिहार से परिवर्तन करके एक संदेश देने का काम करें।
सीएम नीतीश भी झूठी घोषणाएं करने में माहिर : काजी निजामुद्दीन
विधायक सह बिहार स्क्रीनिंग कमिटी के सदस्य काजी निजामुद्दीन ने कहा कि लोकतंत्र का अपहरण करने वाले नीतीश कुमार भी प्रधानमंत्री की तरह झूठी घोषणाएं करने में माहिर हो चुके हैं। हर कदम पर दोनों नेता बिहार के लोगों को छलने का काम किया है। राजग लोगों को बांटकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकती है। कोरोना काल में बिहार के लोगों के साथ सबसे ज्यादा ज्यादती देखने को मिली और बिहार सरकार मौन साधे रही। उन्होंने आह्वान किया कि जो किसानों, युवाओं, उद्योग और रोजगार की बात करें वैसे लोगों को चुनने का काम करें।
सीएम नीतीश ने तीन घंटे लगातार झूठ बोला : मदन मोहन
बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने वर्चुअल सम्मेलन में लगातार तीन घंटे झूठ बोलने का काम किया। 2 करोड़ नौकरी देने का वादा करके नौकरी छिनने वाले ये लोग खुद अपनी पीठ थपथपाने का काम करते हैं।
वहीं कार्यकारी अध्यक्ष व विधायक अशोक राम ने कहा कि बिहार में गठबंधन की मजबूत सरकार बनेगी और वैशाली का पूरा समर्थन हमें मिलेगा। बिहार महिला कांग्रेस की अध्यक्षा व विधायक अमिता भूषण ने महिला कांग्रेस के 38वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वालों ने सबसे ज्यादा महिला उत्पीड़न का काम किया है। बिहार की महिलाएं इस निरंकुश सरकार को सबक सिखाने का काम करेंगी। विधान पार्षद सह कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. समीर कुमार सिंह ने कहा कि सरकार को बदलने का मन बिहार के लोगों ने बना लिया है। सभी कांग्रेसजन इस सरकार को बदलने में सहयोग करें।
बिहार क्रांति महासम्मेलन वर्चुअल रैली में सारण तथा वैशाली के कांग्रेस के जिलाध्यक्ष समेत पूरी जिला कमेटी जुड़ी हुई थी। इस दौरान जिला कांग्रेस के नेताओं ने वरिष्ठ नेताओं के समक्ष जिले की प्रमुख समस्याओं को रखा। महासम्मेलन में संगठन महासचिव ब्रजेश पांडे, विधायक विजय शंकर दुबे, पूर्व मंत्री रविंद्र नाथ मिश्रा, प्रवक्ता राजेश राठौड़, इंटक अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री उषा सिन्हा, अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष मिन्नत रहमानी समेत कई अन्य कांग्रेस नेता मंच से जुड़े रहे।

You may have missed