बिहार: बाढ़ के पानी में पलटने से बचा पप्पू यादव का ट्रैक्टर, बाल-बाल बचे

गोपालगंज। जन अधिकार पार्टी के संरक्षक व पूर्व सांसद पप्पू यादव उा वक्त हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए, जब वह ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ प्रभावितों का हाल-चाल लेने जा रहे थे। वह जिस ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने जा रहे थे, वह पलटने लगा और समय रहते ड्राइवर ने ट्रैक्टर को रोक दिया और उस पर सवार पप्पू यादव समेत अन्य लोग उतर गए। घटना बिहार के गोपालगंज जिले के बरौली की है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को पप्पू यादव गोपालगंज के बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा करने पहुंचे थे। बरौली इलाके में गंडक नदी ने ऐसी तबाही मचाई है कि सैकड़ों घर पानी में डूब गए हैं और हजारों लोग ऊंचे स्थान पर शरण लिए हुए हैं। बाढ़ का पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है, जिसके कारण आने-जाने के लिए नाव के बाद एक मात्र जरिया ट्रैक्टर है। पानी के तेज बहाव के चलते कई जगह सड़क कट गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका बना हुआ है। इस दौरान पप्पू यादव ट्रैक्टर पर सवार होकर जा रहे थे। उनके साथ गांव के दर्जनों लोग भी चल रहे थे तभी ट्रैक्टर का एक पहिया गड्ढा में चला गया। उस जगह सड़क पर पानी तेजी से बह रहा था। ड्राइवर ने ट्रैक्टर को निकालने की कोशिश की तो वह एक तरफ झुकने लगा। पलट जाने के खतरे को देखते हुए ड्राइवर रुक गया। इसके बाद ट्रैक्टर पर सवार पप्पू यादव और अन्य लोग उतर गए। उसके बाद गांव के लोगों ने काफी कोशिश के बाद ट्रैक्टर को धक्का देकर गड्ढा से निकाला। इसके बाद फिर से पप्पू यादव उस पर सवार होकर आगे बढ़े।

You may have missed