December 7, 2025

डबल इंजन की सरकार वर्चुअल रैली कर चुनाव की तैयारी में मस्त : राजद

पटना। राजद कार्यालय परिसर में पंचायती राज प्रकोष्ठ के राज्यस्तरीय पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें बिहार के सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष सहित प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार यादव ने की और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में राजद अध्यक्ष जगदानन्द सिंह उपस्थित थे। प्रकोष्ठ के उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए राजद के मुख्य प्रवक्ता सह विधायक भाई विरेन्द्र ने कहा कि बिहार की जनता कोरोना से त्रस्त है और डबल इंजन की सरकार वर्चुअल रैली कर चुनाव की तैयारी में मस्त है।
वहीं मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था एक संवैधानिक संस्था है पर यह लगभग मृतप्राय हो चुका था, जिसे राजद के शासनकाल में ही बिहार में पंचायत चुनाव कराया गया, तब से आज तक पंचायत राज व्यवस्था सुचारू रूप से कार्य कर रहा है। जिस तरह से लोकसभा और विधानसभा, उसी तरह से ग्राम सभा भी है। आप सभी पंचायत प्रतिनिधि लोकतांत्रिक व्यवस्था के स्तंभ हैं। उन्होंने सभी उपस्थित प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि आप सभी अधिक से अधिक पंचायत जन प्रतिनिधियों को इस प्रकोष्ठ से जोड़ने का प्रयास करें ताकि राजद का संगठन और भी मजबूत हो सके।
बैठक में विधायक रामविशुन सिंह यादव, विजय कुमार विजय, उपाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार यादवेन्दु, पूर्व विधायक रामाशीष यादव, प्रवक्ता चितरंजन गगन, चन्देश्वर प्रसाद सिंह, प्रकोष्ठ के प्रवक्ता सजन कुमार मिश्र, महासचिव धर्मेन्द्र पटेल, डॉ. पे्रम कुमार गुप्ता, निराला यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

You may have missed