November 17, 2025

राजद विधायक पर प्रवासियों का हमला, क्वारंटाइन सेंटर में व्याप्त कुव्यवस्था से नाराज थे प्रवासी

बांका। बिहार के बांका जिले में बेलहर के राजद विधायक पर प्रवासियों ने हमला कर दिया। क्वारंटइन सेंटर कांवरिया धर्मशाला में है। प्रवासी क्वारंटाइन सेंटर से बाहर निकलकर सड़क पर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान इस मार्ग से राजद विधायक रामदेव यादव गुजर रहे थे। प्रवासियों ने विधायक की गाड़ी को घेर लिया तब वाहन चालक और विधायक के अंगरक्षक संजीव कुमार जबरदस्ती वाहन को पार करने लगे। वाहन पार करने के दौरान प्रवासियों और विधायक के बॉडीगार्ड में नोंकझोक होने लगी। जिससे नाराज होकर प्रवासियों ने गाड़ी पर हमला बोल दिया। इस हमले में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं विधायक रामदेव यादव को भी चोटें लगी हैं। इस बाबत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अंगरक्षक संजीव कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पुलिस को सारी जानकारी दी है।
प्रवासियों का आरोप है कि क्वारंटाइन सेंटर में किसी भी प्रकार व्यवस्था नहीं है और न ही शारीरिक दूरी का पालन किया जाता है। प्रवासियों का आरोप है कि प्रतिदिन बाहर से आने वाले लोगों को यहां भेड़-बकरी की तरह ठूंसकर रखा जाता है। ना तो यहां भोजन की व्यवस्था है और न ही शौचालय की। यहां तक कि एक ही कमरे में कई लोगों को रखा जा रहा। इसी बात से आक्रोशित प्रवासियों ने सोमवार को दोपहर बाद सड़क जाम कर दिया।इसी दौरान इस मार्ग से बेलहर के राजद विधायक रामदेव यादव गुजर रहे थे। तब उक्त घटना हुई।
इधर विधायक रामदेव यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को कोरोना वायरस से निपटने में अक्षम बताया। उन्होंने प्रवासियों द्वारा जाम लगाने की निंदा की। उन्होंने कहा कि इससे कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने और इसके प्रसार को रोकने के लिए भीड़ से दूर रहना चाहिए था। इसके बावजूद प्रवासियों सड़क जाम कर रहे थे, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

You may have missed