बिहार : एसएसचो से तंग दारोगा ने अपनी कनपटी पर पिस्टल सटाकर कहा- खुद को गोली मार दूंगा
अररिया। बिहार के अररिया के जोकीहाट में महलगांव थाना में पदस्थापित दारोगा ने थानेदार के व्यवहार से तंग आकर दारोगा ने अपनी कनपटी पर पिस्टल रखकर खुदकुशी करने की कोशिश की। दारोगा सुधांशु शेखर ने थानेदार सदानंद साह पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए प्रताड़ित करने की बात कह सर्विस पिस्टल निकाला और खुद को गोली मारने की धमकी दी। इस पर दारोगा के साथियों ने समझा-बुझाकर उनको शांत कराया और घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ पुष्कर कुमार को दी। इसके बाद एसडीपीओ ने जोकीहाट थानेदार विकास कुमार आजाद को महलगांव भेजकर उक्त दारोगा को जोकीहाट थाना बुलवाया। इसके बाद उनका पिस्टल जमा करवाते हुए उसे पुलिस केन्द्र में योगदान का निर्देश दिया गया।
दारोगा शेखर ने महलगांव थाना के थानेदार सदानंद साह पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे उसे हमेशा प्रताड़ित करते रहते हैं। उनके खिलाफ वरीय अधिकारियों से अक्सर शिकायत करते हैं। 24 घंटे वर्दी पहनकर थाना में बैठने का आदेश देते हैं। केस में उन्हें अनुसंधानकर्ता बना दिया जाता है और एक सप्ताह बाद उन्हें सूचना दी जाती है। इस बीच उनके खिलाफ स्टेशन डायरी कर दी जाती है। दारोगा ने और भी कई गंभीर आरोप लगाये हैं। एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने कहा कि मामले की जांच करवाई जा रही है। फिलहाल दारोगा सुधांशु शेखर को महलगांव थाना से बुला लिया गया है और उसे पुलिस केन्द्र में योगदान करवाया गया है।
बता दें इससे पूर्व दारोगा सुधांशु शेखर के पूर्व की शिकायत पर एसपी धुरत सायली के निर्देश पर पुलिस इंस्पेक्टर बैद्यनाथ शर्मा ने सोमवार को महलगांव थाना पहुंचकर मामले की छानबीन की थी।


