पूर्णिया में गैस रिसाव से सिलेंडर में हुआ धमाका, मामी-भांजी की मौत
पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया में दिल दहलाने वाली घटना घटी है। आग में झुलसकर दो व्यक्ति की मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, पूर्णिया जिले के जलालगढ़ थाना क्षेत्र के घटना तरौना गांव में बुधवार को रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट से मकान में आग लग गई। आग में झुलसकर मामी और उसकी भांजी की मौत हो गई है। जबकि परिवार के सात अन्य लोग घायल हो गए हैं। बताया जाता है कि खाना बनाते समय गैस रिसाव के बाद सिलेंडर में विस्फोट हो गया। हादसे में आरती देवी और उनकी भांजी मीनाक्षी कुमारी की मौत हो गई। आसपास के लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को पूर्णिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर भेजा गया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।


