बेरोजगार विरोधी फरमान वापस ले सरकार, वर्ना होगा आंदोलन : रमेश
फुलवारी शरीफ। भारतीय बेरोजगार पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष रमेश कुमार ने बयान जारी करते हुए सरकार से आग्रह किया है कि एसटीईटी परीक्षा रद्द न किया जाए। रमेश ने कहा कि सरकार को यह बेरोजगार विरोधी फरमान वापस लेना होगा, नहीं तो लॉक डाउन के बाद लाखों पीड़ित अभ्यर्थियों को साथ लेकर बेरोजगार पार्टी के बैनर तले व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने विपक्ष से भी छात्रों के हितों में आवाज उठाने की मांग की है। रमेश ने बिहार के बेरोजगारों की दयनीय स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि एक तो लॉक डाउन की वजह से पहले से ही लोग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में यदि सरकार बेरोजगारों के हितों का ध्यान नहीं देगी, तो कौन देगा। रमेश ने सरकार से पूछा कि एसटीईटी में सिर्फ दो जिलों में उपद्रव की खबर मात्र से ही पूरी परीक्षा रद्द करने का फैसला दे दिया गया, जबकि बिहार दारोगा परीक्षा में तो प्रश्न पत्र ही वायरल हो गए थे। छात्रों ने धरना प्रदर्शन किया था, सीबीआई जांच की मांग उठी थी फिर भी दारोगा परीक्षा रद्द क्यों नहीं हुई?

