August 23, 2026

आप नेताओं ने की दलित युवक की नृशंस हत्या मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग

पटना। आम आदमी पार्टी बिहार के अनुसूचित जाति जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नंद लाल राम और प्रदेश मीडिया प्रभारी बबलू कुमार प्रकाश ने संयुक्त रूप से पटना जिला के दीघा क्षेत्र के मखदुमपुर मोहल्ला निवासी दलित युवक गणेश पासवान की नृशंस हत्या के मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग की है।
नेताओं ने कहा कि दीघा थाना अध्यक्ष मनोज कुमार की कार्यशैली बिल्कुल फिल्मी लगती है। अपराधियों के साथ मिलकर मामले को रफादफा करते हैं। बबलू ने शंका जाहिर करते हुए कहा कि ऐसा ही कुछ सीन दीघा थानाध्यक्ष के द्वारा किया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक इस मामले को संज्ञान में लेते हुए थाना अध्यक्ष को अविलंब हटाए और गणेश पासवान के हत्यारे को जल्द गिरफ्तार करें।
उक्त नेताओं ने दलित युवक गणेश पासवान की नृशंस हत्या के मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की करते हुए कहा है कि पूरे प्रकरण में स्थानीय थाना की भूमिका संदिग्ध है। पुलिस के द्वारा इस मामले की निष्पक्ष जांच की आशा बेईमानी होगी। अत: मृतक के परिवार को इंसाफ देने के लिए राज्य सरकार को इस पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा न्यायिक करानी चाहिए। आप प्रवक्ता ने इस मामले में शामिल सभी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
आप प्रवक्ता बबलू प्रकाश ने कहा कि यह कितनी झकझोर देने वाली बात है कि मृतक की बहन के चीखने-चिल्लाने तथा वीडियो वायरल होने के बावजूद स्थानीय थाना ने नामजद प्राथमिकी दर्ज नहीं किया गया। उल्टा मृतक की बहन के अनपढ़ होने का लाभ उठाते हुए सादा कागज में उसका हस्ताक्षर ले लिया। आप प्रवक्ता ने कहा कि यह पूरा प्रकरण नीतीश कुमार के तथाकथित सुशासन को कटघरे में खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात है कि इतना सब कुछ होने के बावजूद संबंधित पदाधिकारियों पर किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की गई। आप प्रवक्ता ने मृतक की बहन एवं अन्य परिजनों की सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।

You may have missed