बिहार में कोरोना मरीजों का आंकड़ा हुआ 1018, एक आईएएस अफसर भी पॉजिटिव, यात्री विमान ने भरी उड़ान

पटना। बिहार में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने का क्रम जारी है। खासकर प्रवासी मजदूरों के कारण यह आंकड़ा बढा है। शुक्रवार को बिहार में संक्रमितों की संख्या 1018 हो गई है। अभी बिहार में 6 कोरोना के मरीज मिले हैं। जिसमें जमुई में दो पुरूष, लखीसराय में एक महिला, मधुबनी में एक महिला और एक पुरूष, पटना के दीघा में 26 साल की महिला शामिल है। जिसके बाद कोरोना के 1018 हो गया है।तीन मई के बाद देश के विभिन्न राज्यों से बिहार आने वालों में से 7500 के सैंपल की जांच में 352 सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं पटना एयरपोर्ट से 53 दिन बाद किसी पैसेंजर एयरक्राफ्ट ने उड़ान भरी है। जबकि दूसरा विमान मुंबई से लेकर पटना के लिए रवाना हुआ
बता दें आज हड़कंप उस वक्त मच गया जब एक आईएएस अफसर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 2017 बैच के आईएएस अधिकारी नालंदा में पदस्थापित हैं। उन्हें आइसोलेशन सेंटर भेज दिया गया है। उनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। माना जा रहा है कि वो किसी स्थानीय संक्रमित के संपर्क में आए हैं। उक्त अफसर के संपर्क में आने वाले लोगों को आइसोलेट कर उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। बिहार में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 416 स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैंं।

#BiharFightsCorona 3rd update of the day.6 more covid-19 +ve cases in bihar taking the total to 1018.the details are as follows.we are ascertaining their further infection trail. pic.twitter.com/q8bunvhkz9
— Sanjay Kumar (@sanjayjavin) May 15, 2020
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन मई के बाद विभिन्न राज्यों से बिहार आने वालों में से 7500 के सैंपल की जांच हुई। इनमें 352 सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सबसे अधिक दिल्ली से आए 114 लोग हैं। इसके अलावा गुजरात से 97, महाराष्ट्र से 66, पश्चिम बंगाल से 22, हरियाणा से 17 और उत्तर प्रदेश से 13 संक्रमित लोग आए। 3 मई से 14 मई के बीच संक्रमितों की संख्या 516 से बढ़कर 999 हो गई। 3 मई से विशेष श्रमिक ट्रेनों से प्रवासी मजदूरों का आना शुरू हुआ था। प्रदेश के ब्लॉक स्तर पर बने 4671 क्वारंटाइन सेंटर में 2.15 लाख से अधिक प्रवासी रह रहे हैं। आज 32 ट्रेनों से 46795 प्रवासी आ रहे हैं। गुरुवार को 34 ट्रेन से 51 हजार लोग आए थे। विभिन्न राज्यों से बसों के माध्यम से 65306 लोग बिहार आए हैं। इन सभी को गोपालगंज और कैमूर बॉर्डर से उनके जिले के ब्लॉक में बने क्वारंटाइन सेंटर तक भेजा गया।
53 दिन बाद यात्री विमान ने भरी उड़ान
पटना एयरपोर्ट से 53 दिन बाद किसी पैसेंजर एयरक्राफ्ट ने उड़ान भरी। मुंबई से आए एक चार्टर्ड प्लेन ने सुबह 9.15 बजे लैंड किया। विमान ने 10 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी। इससे लॉकडाउन में फंसे 105 अधिकारियों को मुंबई ले जाया गया। इन 105 लोगों को सुबह साढ़े छह बजे एयरपोर्ट बुलाया गया था। दूसरा विमान ओएनजीसी के 110 अधिकारियों व स्टाफ को मुंबई से लेकर 3:30 बजे रवाना हुआ और पटना एयरपोर्ट पर पौने छह बजे के आसपास लैंड किया।