‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने सोशल मीडिया पर मचाई हलचल, चार दिनों में जुटाए 90 लाख से अधिक फॉलोअर्स

  • युवाओं के व्यंग्य अभियान ने भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक सामाजिक माध्यम खाते को भी पीछे छोड़ा
  • बेरोजगारी, प्रश्नपत्र लीक और राजनीतिक जवाबदेही जैसे मुद्दों को लेकर तेजी से बढ़ रही लोकप्रियता

नई दिल्ली। देश में इन दिनों सामाजिक माध्यम पर “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम का एक व्यंग्य अभियान तेजी से चर्चा में है। बहुत कम समय में इस अभियान ने इंटरनेट पर बड़ी पहचान बना ली है। सबसे अधिक हैरानी की बात यह है कि शुरुआत के केवल चार दिनों के भीतर ही इस अभियान से जुड़े सामाजिक माध्यम खाते ने 90 लाख से अधिक समर्थक जुटा लिए। समर्थकों की संख्या के मामले में इसने भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक सामाजिक माध्यम खाते को भी पीछे छोड़ दिया है। इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। सामाजिक माध्यम मंच इंस्टाग्राम पर “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से बनाए गए खाते ने 20 मई तक लगभग 93 लाख समर्थक हासिल कर लिए। वहीं भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम खाते पर करीब 87 लाख समर्थक बताए जा रहे हैं। हालांकि इस मामले में कांग्रेस अब भी सबसे आगे बनी हुई है। कांग्रेस के आधिकारिक इंस्टाग्राम खाते पर लगभग एक करोड़ 32 लाख समर्थक मौजूद हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के खाते पर करीब 19 लाख समर्थक बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार इस अभियान की शुरुआत 16 मई को हुई थी। बताया जा रहा है कि इसे युवाओं के एक समूह ने व्यंग्य आंदोलन के रूप में शुरू किया। सामाजिक माध्यम पर चर्चा है कि उच्चतम न्यायालय की एक सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की कथित टिप्पणी के बाद इस अभियान को गति मिली। शुरुआत में यह मजाकिया अंदाज में सामाजिक मंच “एक्स” पर शुरू हुआ, लेकिन देखते ही देखते यह इंटरनेट पर तेजी से फैल गया। अगले ही दिन इसका इंस्टाग्राम खाता बनाया गया और फिर इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती चली गई। यह मंच खुद को “युवाओं का, युवाओं के लिए और युवाओं द्वारा बनाया गया राजनीतिक मंच” बताता है। इस खाते पर बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक, राजनीतिक जवाबदेही और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर लगातार पोस्ट किए जा रहे हैं। यही वजह है कि बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ते जा रहे हैं। कई युवाओं का मानना है कि यह अभियान उनकी परेशानियों और नाराजगी को व्यंग्य के माध्यम से सामने ला रहा है। इस अभियान की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुरू होने के केवल 78 घंटे के भीतर ही इसके 30 लाख समर्थक हो गए थे। इसके बाद समर्थकों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ती रही और चार दिनों के अंदर यह आंकड़ा 90 लाख के पार पहुंच गया। खास बात यह है कि इस खाते पर अब तक केवल 56 पोस्ट ही साझा किए गए हैं। इसके बावजूद इसने देश के बड़े राजनीतिक संगठनों की सामाजिक माध्यम पर पकड़ को चुनौती दे दी है। तुलना करें तो भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक इंस्टाग्राम खाते पर अब तक 18 हजार से अधिक पोस्ट साझा किए जा चुके हैं। इसके बावजूद “कॉकरोच जनता पार्टी” ने कम समय में समर्थकों की संख्या के मामले में उसे पीछे छोड़ दिया। भारतीय जनता पार्टी को पीछे छोड़ने के बाद इस अभियान की ओर से कई व्यंग्यात्मक पोस्ट भी किए गए। एक पोस्ट में लिखा गया कि “युवाओं की ताकत को कम मत आंकिए।” वहीं एक अन्य पोस्ट में “विश्व की सबसे बड़ी पार्टी, ऐसा कहा गया था” लिखकर भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा गया। यह अभियान केवल इंस्टाग्राम तक सीमित नहीं है। सामाजिक माध्यम मंच “एक्स” पर भी इसके करीब एक लाख 65 हजार समर्थक हो चुके हैं। इंटरनेट पर इस अभियान को लेकर लगातार बहस चल रही है। कुछ लोग इसे युवाओं की नाराजगी की आवाज बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे केवल एक व्यंग्यात्मक सामाजिक माध्यम अभियान मान रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह ट्रेंड युवाओं के बदलते सोच और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव को दिखाता है। आज की युवा पीढ़ी अपनी बात सीधे और नए तरीके से रखने में विश्वास कर रही है। सामाजिक माध्यम अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह राजनीतिक और सामाजिक अभिव्यक्ति का बड़ा मंच बनता जा रहा है। “कॉकरोच जनता पार्टी” की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता इसी बदलते दौर की एक नई तस्वीर मानी जा रही है।

You may have missed