February 14, 2026

बेउर जेल से रिहा होने के बाद फुलवारी शरीफ पहुंचे सांसद पप्पू यादव, छात्रा मौत मामले में घटनास्थल का किया निरीक्षण.

पटना/ फुलवारीशरीफ।पटना स्थित बेउर जेल से रिहा होने के बाद पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव सीधे फुलवारी शरीफ पहुंचे. यहां उन्होंने 16 वर्षीय छात्रा की कोचिंग भवन से गिरकर हुई मौत मामले में घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हालचाल जाना.
मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी साजिश के तहत की गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें आधी रात में गिरफ्तार करवाकर परेशान करने की कोशिश की. हालांकि उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा था और इसी वजह से उन्हें न्याय मिला.
सांसद ने छात्रा मौत मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि घटना की निष्पक्ष और गहराई से जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना जरूरी है.
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं द्वारा उनके खिलाफ साजिश रची गई. उन्होंने कहा कि एक दिल्ली, एक बिहार और एक पूर्णिया के नेता की इसमें भूमिका रही है. उन्होंने खेमका हत्याकांड के कथित एनकाउंटर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें गलत व्यक्ति को मारा गया है और उन्हें इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है.
उन्होंने कहा कि वह इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय तक जाएंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि छात्रा को न्याय दिलाने की लड़ाई को वह रुकने नहीं देंगे. उन्होंने अपने समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि जिन लोगों ने उनका साथ दिया, वह उनके प्रति आभारी हैं. साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की कोशिश भी की गई थी.

You may have missed