पटना में दोस्त की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
पालीगंज। पटना जिला के पालीगंज अनुमंडल मुख्यालय थाने क्षेत्र के मध्यमा गांव के सटे बाधार में मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों में से एक ने अपने साथी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। बता दें बीते 24 घंटे में पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत अपराधियों ने तीन घटनाओं को अलग-अलग जगहों पर गोली मारकर जानलेवा हमले की घटना को अंजाम दिया गया लेकिन अपराधी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। वहीं पुलिस सभी संदिग्ध अपराधियों को पकड़ने के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने में जुटी हुई है।


ग्रामीणों के अनुसार करीब तीन बजे के आसपास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक मध्यमा गांव के निकट आए और कुछ देर तक सड़क के किनारे एक पुल पर कुछ देर बैठकर अपने ही तीन साथियों में से एक साथी को सिर में सटाकर गोली मार दी, जिससे युवक की मौत मौके पर ही हो गई। वहीं घटना में संलिप्त दो अपराधी मोटरसाइकिल से भाग निकले। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर कर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमोर्टम के लिए पालीगंज अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। लेकिन अभी युवक की शव की पहचान नहीं हो सकी है। थानेदार प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि अभी युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस जल्द ही मामले का उद्भेदन करेगी।

