August 23, 2026

बिहार में 103 ईंट-भट्ठों को प्रोपोज्ड क्लोजर डायरेक्शन जारी, 9852956777 पर करें सूचित

पटना। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद् द्वारा जन-शिकायतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर वैसे 103 ईंट-भट्ठों को जो स्वच्छतर तकनीक में परिवर्तित किये बिना संचालित हैं, को प्रोपोज्ड क्लोजर डायरेक्शन जारी किया गया है। प्रेषित निदेश में यह कहा गया है कि वे अपनी इकाई को तत्काल प्रभाव से तब तक बंद रखें जब तक की इकाई को स्वच्छतर तकनीक में परिवर्तित नहीं कर लेते हैं।
ज्ञात हो कि गत 17 फरवरी को ऐसे 88 ईंट भट्ठों को नोटिस जारी किया गया था। पुन: 25 फरवरी को औरंगाबाद, भोजपुर, किशनगंज, सीतामढ़ी, सारण, समस्तीपुर, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण एवं मुजफ्फरपुर जिलों में स्थित ऐसी 15 अन्य इकाईयों को भी नोटिस जारी किया गया है। प्रेषित निदेश में इकाई संचालकों को यह अवसर दिया गया है कि वे 15 दिनों के भीतर यदि कोई आक्षेप हो तो शपथ पत्र के माध्यम से राज्य पर्षद् को प्रेषित कर सकते हैं, अन्यथा उनकी इकाई को जारी प्रपोज्ड क्लोजर डायरेक्शन को संपुष्ट करते हुए उनकी इकाई को बंद करने का आदेश निर्गत कर दिया जायेगा।
वहीं पर्षद् ने जन-सामान्य से अपील किया गया है कि राज्य में पुरानी तकनीक पर संचालित ईंट-भट्ठों की सूचना राज्य पर्षद् के ई.मेल अथवा मोबाइल संख्या- 9852956777 के व्हाट्सएप पर सूचित करें ताकि ऐसे ईंट-भट्ठों के खिलापफ यथोचित कार्रवाई की जा सके।

You may have missed