September 16, 2026

भूमि अधिग्रहण मुआवजे को लेकर किसानों का आंदोलन तेज, पूर्व पोस्टमास्टर कर रहे अनोखा विरोध

बिहटा, (मोनु कुमार मिश्रा)। मेगा औद्योगिक पार्क के लिए अधिग्रहित भूमि का उचित मुआवजा और पुनर्वास न मिलने से प्रभावित किसानों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। किसानों का आरोप है कि अधिग्रहण के दस साल बाद भी उन्हें घोषित “एक परियोजना, एक रेट” की नीति के तहत भुगतान नहीं मिला है। किसानों का कहना है कि वृक्ष, कुआं, बोरिंग जैसी अवस्थित संरचनाओं का मूल्यांकन तक नहीं किया गया। भूमि अधिग्रहण कानून के तहत बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा दिए जाने का प्रावधान है, लेकिन प्रशासन मनमाने ढंग से भुगतान कर रहा है, जो सरासर अन्याय है।इसी अन्याय के खिलाफ 84 वर्षीय पूर्व पोस्टमास्टर अंगिरा शर्मा ने अनोखा विरोध शुरू किया है। वह स्वामी सहजानंद समाधि स्थल पर प्रतिदिन दुर्गा सप्तशती का पाठ कर सरकार की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। उनके इस आंदोलन को समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन भी मिलने लगा है। सोमवार को समाजसेवी रिंकू सिंह, वार्ड पार्षद संजेश कुमार और भाजपा के वरिष्ठ नेता रत्नेश्वर मिश्रा ने समाधि स्थल पहुंचकर उनकी लड़ाई में सहभागिता निभाई। किसानों का कहना है कि जब तक उन्हें उचित मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास की गारंटी नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

You may have missed