January 17, 2026

फतुहा की खबरें : मछली उत्पादन को बढ़ावा दे रही सरकार, 126 स्कूलों में से 75 स्कूलों पर लटके ताले, आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन

बेरोजगारी दूर करने के लिए मछली उत्पादन को बढ़ावा दे रही है सरकार : कृषि मंत्री
फतुहा। सोमवार को शाम प्रखंड के सुडीहा गांव में कृषि मंत्री प्रेम कुमार पहुंचकर गांव के पास ही सत्रह कटठे की जमीन पर बने तालाब में मछली का जीरा छोड़ा तथा और भी मछली के जीरा उपलब्ध कराने का किसानों को आश्वासन दिया। इस मौके पर किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि सरकार ग्रामीण स्तर पर बेरोजगारी को दुर करने के लिए कटिबद्ध है। सरकार इसके लिए गांव-गांव में मछली उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। किसान इस मद में रुचि भी ले रहे है। किसानों को सरकार थ्री व्हीलर वाहन भी सरकारी अनुदान पर दे रही है ताकि किसान मछली को तालाब से निकालकर मंडी तक ले जाएं। उनके अनुसार सरकार गांव गांव में कृषि अपशिष्ट पदार्थ को डिस्पोजल करने के लिए बड़े पैमाने पर उपकरण उपलब्ध कराने का फैसला लिया है ताकि किसानो को फसल लगाने व काटने का पर्याप्त समय मिल सके। साथ ही बेरोजगार किसानो को काम भी मिलेगा। इस दौरान मछली उत्पादन से जुड़े किसान के रुप मे जितेंद्र सिंह चन्द्रवंशी, गजेंद्र सिंह चन्द्रवंशी, राजीव नयन, पवन देव चन्द्रवंशी, रंजीत सिंह चन्द्रवंशी भी मौजूद थे।

जालसाजों ने खाते से उड़ाए 42 हजार रुपए
फतुहा। सोमवार को जालसाजों द्वारा एक खाताधारक के खाते से 42 हजार रुपए उड़ा लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस सन्दर्भ में पीड़ित खाताधारक मोजीपुर निवासी सुशील कुमार सिंह ने विजया बैंक के प्रबंधक से मिलकर शिकायत दर्ज करायी है। बैंक ने इस घटना का विवरणी भी पीड़ित खाताधारक को सौंपा है। बताया जाता है कि जालसाजों ने एटीएम पिन कोड के जरिए बीते दिन के अंदर कुल 42 हजार 813 रुपए की निकासी कर ली है। वहीं पीड़ित खाताधारक थाने में भी शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।

आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन तथा मोबाइल कैप का निरीक्षण


फतुहा। सोमवार को प्रखंड के रसलपुर गांव में भारत सरकार के महिला व बाल विकास मंत्रालय के सचिव रविन्द्र पवार ने केन्द्र संख्या 47 पर सभी संसाधनों से युक्त आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया तथा इस केन्द्र पर सरकार द्वारा चलाए गए मोबाइल कैप का भी निरीक्षण किया। उद्धाटन समारोह को संबोधित करते हुए बताया कि यह केन्द्र बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास को देखते हुए जरूरी सभी संसाधनो से लैस होगी। बच्चे जमीन पर न बैठकर चेयर पर बैठकर पढेंगे। टीवी स्क्रीन पर बच्चों के लिए ज्ञान की सभी साधन प्रयोग के तौर पर दिखाए जाएंगे। उनके खेलने व मनोरंजन के भी साधन इस केन्द्र पर जुटाए गए हैं। मोबाइल कैप के निरीक्षण पर उन्होंने संतोष जताया तथा सीडीपीओ अनिता जायसवाल को बेहतर संचालन के लिए धन्यवाद कहा। इसके बाद उन्होंने बांकी पुर मछरियावा मे भी केंद्र संख्या 64 पर मोबाइल कैप का निरीक्षण किया। उन्होने दनियावा मे भी आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ आईसीडीएस के डायरेक्टर आलोक कुमार,सेविका रुबी देवी, समाजसेवी बिन्नी यादव, रिषिकेश यादव, रवि पासवान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

नियोजित शिक्षकों के हड़ताल से प्रखंड के 126 स्कूलों में से पहले दिन 75 स्कूलों पर लटके ताले


फतुहा। सोमवार को प्रखंड के सभी नियोजित शिक्षकों की समान काम का समान वेतन पाने को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो गई। हड़ताल पर शिक्षकों के चले जाने से प्रखंड के कुल 126 स्कूलों में से पहले दिन करीब 75 स्कूलों के गेट पर ताले लटक गये। हड़ताल पर गये शिक्षकों की माने तो आने वाले समय में बंद स्कूलों की संख्या बढ़ भी सकती है। पहले दिन शिक्षक स्कूल तो पहुंचे लेकिन दस मिनट के अंदर ही गेट पर ताले लगाकर प्रखंड कार्यालय स्थित संसाधन केंद्र पहुंच गए तथा बीआरसी भवन के आगे सरकार विरोधी नारे लगाते हुए सरकार से जल्द ही मांगो को पूरा करने की मांग की। प्रखंड कार्यालय स्थित प्राथमिक विद्यालय, बिक्रम पुर स्थित विद्यालय, मोजीपुर स्थित विद्यालय, अलावलपुर स्थित विद्यालय समेत 75 स्कूलों में ताले लगे हुए पाए गए।

विदित हो कि प्रखंड के स्कूलों में कार्यरत नियोजित शिक्षकों की संख्या 446 है जिसमे पहले दिन करीब दो सौ से अधिक शिक्षक हड़ताल पर चले गए। शिक्षकों ने दावा किया है कि हड़ताल पर जाने वालो की संख्या धीरे धीरे बढ़ रही है। हड़ताल के कारण स्कूलों में पठन-पाठन का कार्य तो बाधित है ही, साथ ही मार्च महीने में बच्चों के होने वाले मूल्यांकन कार्य भी प्रभावित होने की संभावना बन गई है। वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अभिराम झा ने शिक्षकों से हड़ताल छोड़कर स्कूल संचालित करने का अनुरोध किया है।

You may have missed