August 18, 2026

पटना में ठेकेदार के घर को चोरों ने बनाया निशाना, 10 अलमारी को तोड़ा, 7 लाख के गहने और पैसे उड़ाए

पटना। राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मरांची थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में एक ठेकेदार के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना रविवार देर रात की है, जब दो नकाबपोश चोर दीवार फांदकर घर में घुसे और अलमारियों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब गांव निवासी सुधीर प्रसाद सिंह ने घर का मुख्य दरवाजा खोला। दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही घर के मालिक सुजीत कुमार सिंह को खबर दी गई, जो पेशे से ठेकेदार हैं और वर्तमान में अपने परिवार के साथ पटना में रहते हैं। घर में लंबे समय से ताला बंद था, जिसका फायदा चोरों ने उठाया।
10 अलमारियों को बनाया निशाना
चोरों ने घर के अंदर रखी कुल 10 अलमारियों को तोड़ा और उनमें रखे गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। ठेकेदार सुजीत सिंह के अनुसार, चोर सोने की चेन, अंगूठी, कान के झुमके समेत करीब 7 लाख रुपये के जेवरात और 66 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। अलमारियों के ताले तोड़ने के दौरान चोरों ने घर का सारा सामान भी इधर-उधर बिखेर दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना के समय चोरों की गतिविधियां घर के बाहर और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई हैं। फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो नकाबपोश युवक दीवार फांदकर घर में प्रवेश करते हैं और कुछ देर बाद भारी बैग लेकर निकलते हैं। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया
चोरी की सूचना मिलते ही मरांची थानाध्यक्ष अवधेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घर की जांच की। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। पुलिस टीम ने आसपास के इलाके में सघन पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की जा रही है।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
इस बड़ी चोरी की घटना के बाद शेरपुर गांव सहित आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में इस क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन पुलिस की गश्ती व्यवस्था कमजोर बनी हुई है। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सुनियोजित चोरी की घटना है, जिसमें स्थानीय जानकारी रखने वाले लोग भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है। चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

You may have missed