गैस कंपनी का फर्जी वेबसाईट बनाकर ठगी, राजस्थान पुलिस ने फुलवारीशरीफ से दो को किया गिरफ्तार
फुलवारीशरीफ। राजस्थान के जोधपुर पुलिस ने फुलवारीशरीफ के नवादा गांव से अभिषेक भारती और विकास कुमार जालसाज को गिरफ्तार किया है। राजस्थान पुलिस टीम के जवान पप्पा राम विश्नोई ने बताया कि जालसाज गैस कंपनी का फर्जी वेबसाईट बनाकर लोगों को फोन या फिर ऑनलाईन बातचीत में रसोई के लिए लॉटरी इनाम का झांसा देकर गैस कनेक्शन लेने के झांसा में फंसाता था। फिर कनेक्शन के लिए मामूली रकम की बात करता था। ऑनलाईन पेमेंट मिलते ही लॉटरी में मोटी रकम इनाम आने की बात कहकर उससे रकम ऐंठना शुरू कर देता था। जोधपुर में दो सेना जवान को ही झांसा में लेकर उससे रकम ऐंठ ली और जवान
को न तो रसोई गैस मिला और न ही उसे ईनाम। शिकायत के बाद जोधपुर के साईबर पुलिस ने यह सुराग लगाया कि रकम ऐंठने वाला फुलवारीशरीफ के नवादा में बैठा है। फुलवारीशरीफ पुलिस की मदद से आरोपित के नवादा स्थित घर से ही दोनों को गिरफ्तार किया और मोबाईल, लैपटॉप को जब्त किया। थानेदार रफीकुर्रहमान ने बताया कि इस नेटवर्क का तार पूरे देश में फैला है। अभिषेक भारती का भाई अमित कुमार भारती, सहायक प्रबंधक, बिस्कोमॉन, रजौली को नवादा से देर रात गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित के लैपटॉप व मोबाईल के माध्यम से सरगना की शिनाख्त में पुलिस जुटी है।


