बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा में तीसरे दिन 39 परीक्षार्थी निष्कासित
पटना। बिहार बोर्ड की ओर से ली जा रही इंटरमीडिएट परीक्षा का बुधवार को तीसरा दिन था। तीसरे दिन निष्कासित छात्रों की संख्या में भारी कमी हुई है। बुधवार को कदाचार के आरोप में 39 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया। आज प्रथम पाली में साइंस फैकल्टी के लिए बायोलॉजी की परीक्षा हुई, जबकि द्वितीय पाली में कला संकाय के लिए अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा हुई। बता दें कि परीक्षा के पहले दिन सोमवार को 91 तथा दूसरे दिन मंगलवार को 94 परीक्षार्थी निष्कासित किए गए थे। बुधवार को हुई परीक्षा में कदाचार के आरोप में सबसे अधिक रोहतास से आठ परीक्षार्थी निष्कासित किए गए। इसी तरह, नालंदा से पांच, पटना से चार, जहानाबाद व मधेपुरा से तीन-तीन, सिवान से तीन, गया से दो, नवादा, वैशाली, मधुबनी, सुपौल, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया, बेगुसराय, सारण, सहरसा में एक-एक परीक्षार्थी कदाचार के आरोप में निष्कासित किये गये। उधर, बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बुधवार को भी पटना जिले के कई केंद्रों का निरीक्षण किया। मॉडल केंद्र राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, गर्दनीबाग एवं कमला नेहरू बालिका उच्च विद्यालय, यारपुर आदि परीक्षा केंद्रों के औचक निरीक्षण निरीक्षण के क्रम में अध्यक्ष ने परीक्षा केंद्रों की समुचित व्यवस्था की समीक्षा भी की। मॉडल केंद्रों पर फूल, गुब्बारों, कार्पेट की व्यवस्था के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए अलग से हेल्प डेस्क की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी है।
बोर्ड अध्यक्ष ने निरीक्षण में परीक्षार्थियों से परीक्षा में पूछे गये प्रश्नों के बारे में जानकारी ली। परीक्षार्थियों ने बताया कि आब्जेक्टिव प्रश्नों में विकल्प मिलने से सवालों को हल करना आसान हो गया है। अब गुरुवार को परीक्षा के चौथे दिन प्रथम पाली में साइंस एवं कॉमर्स के परीक्षार्थियों के लिए एनआरबी के तहत 50 अंकों की हिन्दी विषय की परीक्षा आयोजित होगी। एनआरबी की परीक्षा 9:30 बजे प्रारम्भ होगी। सुबह 10:30 बजे इस विषय की परीक्षा में सम्मिलित परीक्षार्थियों की ओएमआर शीट जमा कर ली जाएगी। वहीं आंसर बुक भी 11:15 बजे ले ली जायेगी। इसी तरह, दूसरी पाली में तीनों संकायों के लिए कम्प्यूटर साइंस तथा मल्टी मीडिया एंव वेब टेक विषय की परीक्षा ली जाएगी। द्वितीय पाली में ही कला संकाय के विद्यार्थियों के लिए योग एवं शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा भी आयोजित की जायेगी।


