खबरें फतुहा की : बाइक टक्कर में अज्ञात मृतक की हुई पहचान, विदेशी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
बाइक टक्कर में अज्ञात मृतक की हुई पहचान
फतुहा। बीते रात्रि महारानी चौक के समीप दो बाइक की टक्कर में एक अज्ञात मृतक की पहचान हो गई है। मृतक मसौढी निवासी अरविंद कुमार है, जो फतुहा के कोआॅपरेटिव कालोनी के एक मकान में किराए के मकान में रहते थे। पेशे से वह इलेक्ट्रिक इंजीनियर थे। वंही दूसरी तरफ इसी हादसे में हुई नोहटा निवासी जितेंद्र राज की परिजनों ने स्थानीय श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार के पहले मृतक के परिजन को पारिवारिक लाभ के तहत बीस हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। इसके अलावे पूर्व नगर उपाध्यक्ष संजय गोप के द्वारा मृतक के परिजन को तीन हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। विदित हो कि बीते रात्रि दो बाइक की टक्कर में दो युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी तथा दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए थे। घायलों का इलाज अब भी जारी है।

विदेशी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार, टेम्पो जब्त
फतुहा। पीपा पुल पर लगातार वाहन चेकिंग से पुलिस को काफी हद तक सफलता मिलने लगी है। शुक्रवार को भी वाहन चेकिंग के दौरान नदी थाना पुलिस ने पीपा पुल पर ही विदेशी शराब लदे एक टेम्पो को जब्त कर लिया तथा टेम्पो चालक सह धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार धंधेबाज अथमलगोला थाना क्षेत्र के बुढरा गांव निवासी शरबजीत कुमार है। नदी थाना प्रभारी सकेंद्र कुमार बिंद के अनुसार धंधेबाज दियारा क्षेत्र से 24 बोतल रायल स्टेज व 11 बोतल ब्लू इम्पीरियल शराब को एक झोले में छिपाकर कर टेम्पो से बेचने के लिए अथमल गोला ले जा रहा था।
चोरी गयी पेटी व कंबल एक युवक के घर से मिला तो ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंपा
फतुहा। बीते रात्रि नोहटा के बड़ी संगत के पास चोरों ने रौशनदान के सहारे एक घर से पेटी व अन्य सामान चोरी कर ली। जानकारी होने पर घर मालिक जब सुबह आसपास के घरों में छानबीन किया तो एक युवक के घर से चोरी की वह पेटी बरामद कर ली। इतना ही नही उस युवक के घर से चोरी की एक कम्बल भी बरामद किया जो एक महीने पहले इसी मुहल्ले के एक बंद घर से लाखो की चोरी के दौरान कंबल भी चोरी कर ली गई थी। इसके बाद ग्रामीणो ने उस युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गये युवक राहुल कुमार है। इस सन्दर्भ मे पीड़ित घर मालिक अरविंद कुमार ने उस युवक के विरूद्ध थाने मे नामजद शिकायत दर्ज करायी है। दर्ज शिकायत के अनुसार घर मालिक अरविंद कुमार ने उस युवक पर पेटी से करीब तीन लाख रुपये व अन्य महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर लिए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस पकड़े गये युवक से दोनों चोरी के वारदातो के सम्बंध में पूछताछ कर रही है।

