प्राध्यापक हत्याकांड : 84 घंटे के बाद भी अपराधी को नहीं पकड़ा जाना चिंता की बात
पटना। टीपीएस कॉलेज के प्राध्यापक प्रो. शिवनारायण राम की हत्या से मर्माहत शोकाकुल कॉलेज के समस्त शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं लगातार धरना-प्रदर्शन व शोकसभा द्वारा अपनी संवेदना प्रकट कर रहे हैं। आज महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर इस जघन्य अपराध के प्रति अपना विरोध दर्ज किया। इस अवसर पर शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. जावेद अख्तर खाँ एवं सचिव प्रो. श्यामल किशोर ने संयुक्त रूप से इस घटना की निंदा करते हुए 84 घंटे के बाद भी अपराधी को नहीं पकड़े जाने पर चिंता जाहिर किया। इसी क्रम में कल संध्या कारगिल चौक पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी व छात्र दिवंगत प्राध्यापक की स्मृति में मोमबती जलाकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने की घोषणा की थी, लेकिन बाद में टीपीएस कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. अबू बकर रिजवी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जिला प्रशासन पटना द्वारा कारगिल चौक पर प्रो. शिवनारायण राम की स्मृति में द्वीप जलाने की अनुमति नहीं देने के कारण मोमबती जलाने का कार्यक्रम महाविद्यालय परिसर में ही आयोजित किया जाएगा।
बता दें पिछले दिनों अपराधियों ने राजधानी के कंकड़बाग में टीपीएस कॉलेज के प्राध्यापक प्रो. शिवनारायण राम की गोली मार कर हत्या कर दी थी। जिसके विरोध में आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था।


