फतुहा में दिनभर की हलचल : ससुराल आए मनेर का युवक हुआ लापता, मजदूर जख्मी अवस्था में मिला, ट्रैक्टर से टकराया बाइक
ससुराल आए मनेर का युवक हुआ लापता, मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने बताया- छपरा में वह
फतुहा। ससुराल आए हुए मनेर का एक युवक बीते बुधवार को लापता हो गया। गुरुवार को उसकी मां कुंती देवी अन्य परिजनों के साथ थाने पहुंचकर इस मामले में शिकायत दर्ज करायी। शिकायत के आलोक में पुलिस ने जब उसके मोबाइल फोन का लोकेशन लेना शुरू किया तो पता चला कि युवक छपरा में है। पुलिस ने युवक के परिजनों को छपरा भेज दिया तथा वहां के संबंधित थाने को सूचना दे दी। बताया जाता है कि मनेर के हाथीकंत सराय का एक युवक ज्योतिष महतो बीते 19 जनवरी को फतुहा के गोविंदपुर नया टोला स्थित अपने ससुराल आया था। बीते गुरुवार को अपने ससुराली परिजनों को यह कहकर घर से निकल गया कि वह अपने गांव वापस जा रहा है। इसके बाद उसके मोबाइल फोन भी बंद आने लगे। बुधवार की शाम तक घर नहीं पहुचने पर उसके परिजन फतुहा थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि युवक के लौटने के बाद ही विशेष जानकारी मिल पाएगी।

होटल में काम करने वाला मजदूर जख्मी अवस्था में सड़क पर मिला
फतुहा। गुरुवार को सुबह प्लेटफार्म नंबर एक से फैक्ट्री के तरफ जाने वाली सड़क पर होटल का एक मजदूर जख्मी अवस्था में अचेत मिला। उसके हाथ पैर में उभरे जख्म उसके साथ मारपीट के संकेत दे रहे थे। किसी राहगीर ने उसके उपर कंबल डाल दिया। उसके साथ किसने मारपीट की तथा क्यों की, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। जख्मी युवक पटना के कदमकुंआ क्षेत्र का निवासी बताया गया है। आसपास के लोगों के अनुसार वह एक होटल में मजदूरी करता था। लेकिन बीते रात्रि उसके साथ क्या हुआ, किसी ने जानकारी नहीं दी। राहगीरों ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी। थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार उसका इलाज पटना में कराया जा रहा है। परिजनों ने इस संदर्भ में अभी कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करायी है। इलाज के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बीते रात्रि उसके साथ क्या हुआ था।
ट्रैक्टर से टकराकर बाइक सवार गंभीर रुप से घायल

फतुहा। गुरुवार को सुबह बुद्धदेव चक गांव के पास ट्रैक्टर से टकराकर एक बाइक सवार गंभीर रुप से घायल हो गया तथा उसका साथी बाल-बाल बच गया। घायल बाइक सवार को तत्काल पीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एनएमसीएच के लिए रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान बिहारशरीफ के छज्जूबाग मुहल्ला निवासी शाहनाज हुसैन उर्फ मिंटू के रुप में हुई है। बताया जाता है कि घायल बाइक सवार अपने साथी मो. बीकू के साथ पटना से बिहारशरीफ बाइक द्वारा लौट रहा था तभी बुद्धदेव चक गांव के पास उसकी बाइक एक ट्रैक्टर से टकरा गई। इस घटना में उसका साथी बाल-बाल बच गया।
सुभाषचंद्र बोस की मनायी गयी जयंती
फतुहा। गुरुवार को गोविंदपुर स्थित एक उत्सव हॉल में भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा सुभाषचंद्र बोस की 123 वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनकी महती योगदान पर प्रकाश डाला। इस मौके पर शोभा देवी, राणा राजेंद्र पासवान, अरविंद यादव, अनामिका अग्रवाल, अनिल शर्मा, मनोज बिहारी समेत कई लोग मौजूद थे।

