संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए भाजपा मुक्त भारत होना जरुरी : उमेश कुशवाहा

  • सामाजिक न्याय के साथ समावेशी विकास का देश में उत्तम उदारहण बना बिहार : उमेश कुशवाहा

पटना। आज सिवान जिलें के महाराजगंज विधानसभा में जदयू द्वारा एक-दिवसीय जननायक कर्पूरी चर्चा का आयोजन किया गया। जिसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वही इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिला अध्यक्ष चंद्रकेतु सिंह व संचालन उमेश ठाकुर ने किया। वही इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से सिवान की माननीय सांसद कविता सिंह, पूर्व विधायक हेमनारायण साह, पूर्व विधायक सत्यदेव सिंह, पूर्व विधान परिषद सह प्रमंडल प्रभारी सतीश प्रसाद, टुनटुन प्रसाद,धनजी प्रसाद, अजय कुमार सिंह, अरुण वर्मा, इंद्रदेव सिंह पटेल, जिलापरिषद अध्यक्ष संगीता यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी विधानसभा स्तरीय कर्पूरी चर्चा कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। एक तरफ जहां भाजपा महापुरुषों की योगदान और बलिदान को भुलाने की कोशिश कर रही है, वही जदयू राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भीमराव अंबेडकर, जयप्रकाश नारायण, राम मनोहर लोहिया एवं जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदर्शो को प्रतीक मानकर मजबूत राष्ट्र के निर्माण में जुटी हुई है। प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि नीतीश कुमार ने अपने शासनकाल के दौरान जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों व आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक न्याय की नींव को मजबूत करने का काम किया है। आज हमारा बिहार बीमारू राज्य से विकसित राज्य बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।

बीते 18 वर्षों के कार्यकाल को अगर हम गौर से देखें तो पता चलेगा की नीतीश कुमार ने हर मोर्चे पर ऐतिहासिक और अविश्वसनीय कार्य किया है। बिजली, पानी, सड़क, शौचालय, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की दिशा में बिहार ने अनोखा नजीर पेश किया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार का शोषित और वंचित समाज विकास की मुख्यधारा में शामिल हुआ है। दलित, पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज सशक्त बनाने के लिए नीतीश कुमार का पहल आज रंग ला रहा है। सच्चे मायनों में आज बिहार सामाजिक न्याय के साथ विकास का सबसे उत्तम उदारहण बना है। प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि आने वाले चुनाव में भाजपा जनता को गुमराह करने की भरपूर कोशिश करेगी। हमें इनसे सचेत रहना है और सामाजिक सौहार्द को कायम रखना है। उन्होंने आगे कहा की महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से वोट लिया था, लेकिन 10 वर्षों के बाद भी महंगाई व बेरोजगारी से जनता को निजात नहीं मिला है। भाजपा के द्वारा लोकतंत्र और संविधान को कुचलना की भरपूर कोशिश हो रही है। सत्ता में बैठे लोग संविधान को बदलने की बात कर रहे हैं। यह देश के लिए सबसे बड़ा खतरा है। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा मुक्त भारत बनाने की मुहिम् में आम जनता को शामिल होना होगा।

You may have missed