August 19, 2026

पटना में दूसरे दिन भी जारी रही ऑटो चालकों की हड़ताल, परिचालन बंद होने से परेशान दिखे लोग

पटना। राजधानी पटना के पूर्वी क्षेत्र में चलने वाले ऑटो और ई-रिक्शा का हड़ताल शनिवार दूसरे दिन भी जारी रहा। हड़ताल के कारण पटना जंक्शन से पटना सिटी तक के रास्ते में कई जगहों पर ऑटो और ई रिक्शा का परिचालन बंद रहा जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियां उठानी पड़ी और लोग वाहनों के लिए परेशान दिखाई दिए। वही पटना जंक्शन से राजधानी के अलग-अलग इलाकों में जाने वाले लोगों को ऑटो नहीं मिला। ऊपर से तेज गर्मी ने यात्रियों की समस्या बढ़ा दी। मेट्रो निर्माण के दौरान ऑटो रिक्शा की पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग पर सभी चालक शनिवार से अनिश्चितकालिन हड़ताल पर चले गए। पटना में लगभग 5000 ऑटो हैं। इसमें 80 फीसदी पर हड़ताल का पूरा असर है। एक दिन में 100 फीसदी ऑटो चलने पर लगभग 4 से 5 लाख पैसेंजर आते जाते हैं। पटना जंक्शन के पास टाटा पार्क और ऑटो स्टैंड को मेट्रो निर्माण के लिए घेराबंदी किया जा रहा है। इसे लेकर ऑटो चालकों ने विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद नगर निगम प्रशासन और ऑटो यूनियन के साथ बैठक हुई। लेकिन बातचीत से कोई हल नहीं निकला। इसके बाद चालकों ने पूर्वी क्षेत्र की ओर जाने वाले सभी ऑटो रिक्शा और ई रिक्शा के परिचालन को बंद करने का निर्णय लिया। ऑटो यूनियन संघ का कहना है कि उन्हें मेट्रो निर्माण से कोई आपत्ति नहीं। लेकिन ऑटो रिक्शा की पार्किंग नहीं होने से सड़क पर जाम लगेगा। ट्रैफिक पुलिस चालान काट देगी। इसलिए पहले कहीं वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। तब ही कोई बात बन सकती है। पटना नगर निगम आयुक्त और ऑटो चालक संघ के साथ घंटों बैठक में आयुक्त द्वारा यह निर्णय लिया गया कि करबिगहिया रेलवे पार्किंग स्टैंड में व्यवस्था किया जा रहा है। लेकिन यूनियन के लोगों ने निगम के निर्णय पर सहमति नहीं जताई। ऑटो चालक संघ की मांग है कि कोई और वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। पर नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया, जिसके कारण ऑटो यूनियन में काफी रोष है। इसे लेकर शुक्रवार से ही पूर्वी क्षेत्र के सभी ऑटो रिक्शा बंद कर हड़ताल पर जाने का ऐलान किया गया। शनिवार को भी इस हड़ताल से कंकड़बाग, नाला रोड, हनुमान नगर, बाजार समिति, गाय घाट अगमकुआं जाने वाले सभी ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा का परिचालन बंद कर दिया गया।

You may have missed