January 29, 2026

सम्राट चौधरी के विवादित बयान पर सीएम का पलटवार, नीतीश बोले- जिसको आजादी के बारे में पता नहीं, वह क्या-क्या बोलते रहता है

पटना। रविवार को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने आजादी को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था मेरे मायने में तो बिहार को आजादी 1977 से मिली है। 1947 में अंग्रेज से देश की आजादी तो जरूर मिली। लेकिन, बिहार को असल आजादी 1977 के आंदोलन के बाद हुई। सम्राट के इस बयान पर अब बिहार में सियासत तेज हो चली है। इसी कड़ी में सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए बड़ी बात कही है। दरअसल सोमवार को मुख्यमंत्री स्वर्गीय उपेंद्रनाथ वर्मा की पुण्यतिथि पर राजकीय समारोह में शामिल होने पहुंचे थे जहां उन्होंने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वही इसके बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बात करते हुए सम्राट चौधरी के बयान पर ऐतराज जताते हुए कहा कि जिसको आजादी के बारे में पता नहीं है वह पूरी तरह से इलीगल हैं। जिस व्यक्ति को आजादी की जानकारी नहीं हैं, वह कितना अजीब है। देश को आजादी कब मिली, यह भी जानकारी नहीं है। कोई सुनेगा तो क्या कहेगा।
उपमुख्यमंत्री ने भी किया भाजपा पर पलटवार
तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर कहा कि सभी लोग जानते हैं कि देश कब आजाद हुआ। यह बकवास बातें हैं। इसका क्या मतलब है। इन सब चीजों से। कोई सुनेगा भी तो सम्राट चौधरी की बात पर हंसेगा। किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता। वही जदयू के मुख्य प्रवक्ता और पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने सम्राट चौधरी पर स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करने का आरोप लगाया है। नीरज कुमार ने कहा है कि देश 1947 को आजाद हुआ। सम्राट चौधरी कह रहे हैं कि 1977 को आजादी मिली। ऐसे में देश की आजादी में शामिल हुए तमाम स्वतंत्रता सेनानियों का यह अपमान है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को शर्म और लज्जा आनी चाहिए कि वह ऐसे बयान देते हैं। नीरज कुमार ने आगे कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे के मौजूदगी में इस तरह की बातें कही जा रही हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह उम्मीद रखता हूं कि वह इस पर जरूर कोई कार्रवाई करेंगे। पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने आगे कहा कि बीजेपी के जेपी नड्डा और पीएम नरेंद्र मोदी यदि कार्रवाई नहीं करते हैं तो कहीं न कहीं भाजपा का यह बयान होगा।
सम्राट चौधरी ने क्या कहा था
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा था कि मेरे मायने में तो बिहार को आजादी 1977 से मिली है। 1947 में अंग्रेज से देश की आजादी तो जरूर मिली। लेकिन, बिहार को असल आजादी 1977 के आंदोलन के बाद हुई। सम्राट चौधरी ने जेपी आंदोलन को असल स्वतंत्रता संग्राम माना था। सम्राट चौधरी पटना के विद्यापति भवन में बोल रहे थे। यह कार्यक्रम बीजेपी की ओर से आयोजित की गई थी। तुलसी दास की जयंती पर तुलसी के राम कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

You may have missed