पटना : एक थाना, दो उत्सव और दो मौत

हर्ष फायरिंग ने ली दूल्हे के दोस्त समेत दो लोगों की जान

पटना। पुलिस के लाख प्रयास के बावजूद भी बिहार में हर्ष फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला पटना जिला के बख्तियापुर का है, जहां हर्ष फायरिंग की घटना में पांच लोगों को गोली लग गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गईं है। दोनों घटनाएं सालिमपुर थाना इलाके की है। ताज्जुब की बात यह है कि उक्त दोनों घटनाओं की जानकारी स्थानीय पुलिस को घंटों समय तक नहीं थी। जब मीडिया में उक्त खबरें चली तब जाकर स्थानीय पुलिस के साथ एएसपी हरकत में आएं और आरोपियों को दबोचने के लिए छापामारी शुरू कर दिया है।
आधी रात को जमी थी महफिल
पहली घटना बाढ़ के सालिमपुर थाना के काला दियारा में घटी। जहां हर्ष फायरिंग के दौरान तीन लोगों को गोली लगी। इस हर्ष फायरिंग की घटना में पंकज पटेल नामक शख्स की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए, जिनका इलाज परिजन निजी नर्सिग होम में करा रहे है। जानकारी के अनुसार वैशाली से काला दियारा के विनोद राय के घर बीती रात बारात आई थी। मृतक पंकज पटेल दूल्हे का दोस्त बताया जा रहा है, जो उत्तर प्रदेश का निवासी था। एएसपी लिपि सिंह ने बताया कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की तहकीकात कर रही है।
जन्मदिन के जश्न में चली गोली, दो को लगी
दूसरी घटना सालिमपुर थाना के ही रूपस महाजी की है। जहां जन्मदिन मनाने के दौरान आयोजित असमाजिक तत्वों ने फायरिंग की। फायरिंग की इस घटना में दो लोग छोटू और इंद्रजीत बुरी तरह घायल हो गए, जिनका इलाज हाजीपुर में कराया जा रहा था। इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार एक ही दिन में दो बड़ी घटनाओं की जानकारी सालिमपुर थाना प्रभारी ने अपने वरीय अधिकारियों को नहीं दी थी। अधिकारियों को इस घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली। इस घटना के बाद सालिमपुर थाना प्रभारी पर गाज गिरनी तय मानी जा रही है।