राज्य के 7 जिलों में वज्रपात के साथ भारी वर्षा का अलर्ट जारी, पटना में होगी हल्की बारिश

पटना। बिहार में मेघ मेहरबान दिख रहे हैं। पटना और इसके आसपास इलाकों में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहे। वहीं, पश्चिमी चंपारण के बगहा समेत अन्य स्थानों पर बारिश हुई। प्रदेश में अगले 24 घंटों में जमुई, अररिया, किशनगंज, लखीसराय, नवादा, खगड़िया और बांका जिले में भारी बारिश व कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन व वज्रपात की चेतावनी है। पटना समेत शेष भागों में हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर बिहार में मानसून अभी मेहरबान रहेगा। इस दौरान अगले दो दिनों तक 12 से 18 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पछिया हवा चलेगी। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा की ओर से मंगलवार को जारी मौसम पूवार्नुमान में यह बात कही गई है। अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। नौ जुलाई तक के लिए जारी पूवार्नुमान में मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इधर, भागलपुर के भी मौसम का हाल अन्य जगहों की तरह ही है। दिन में आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं। यहां भी बारिश होने की संभावना है। दिन में 11 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलेगी।

You may have missed