August 12, 2026

सुल्तानगंज से देवघर के लिए तीन सरकारी बसों का परिचालन आज से, 150 रुपये से होगा किराया

भागलपुर। कांवड़ियों की सुविधा के लिए मंगलवार से सुल्तानगंज से देवघर के लिए तीन सरकारी बसों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। परिवहन निगम क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार शांडिल्य ने बताया कि तीनों बसों का परिचालन पूरे सावन किया जाएगा। सुल्तानगंज से देवघर का किराया साधारण बस से 150 रुपये और भागलपुर से 173 रुपये होगा। बसें सुल्तानगंज -देवघर मेन रूट पर चलेंगीं। पहले दिन बस मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद सुल्तांगज बस स्टैंड से खुलेगी। उसके बाद समय सीमा जारी किया जाएगा। पांच जुलाई से भागलपुर से रांची के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी। काउंटर सिग्नेचर का काम पूरा हो गया है। दो बसें चलेंगी। दोनों बसें 42 सीट वाली डीलक्स होंगी। बस तिलकामांझी सरकारी बस डिपो से सुबह 7:45 बजे खुलेगी और शाम 7:50 बजे रांची पहुंचेगी। बस भागलपुर से बौंसी, हंसडीहा, देवघर होते हुए रांची जाएगी। इसका किराया 528 रुपये होगा।
सुल्तानगंज स्टेशन पर श्रावणी मेला तक अतिरिक्त टिकट काउंटरों की व्यवस्था
दो महीने तक चलने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के लिए सुल्तानगंज स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटरों की व्यवस्था की गई है। कांवड़ियों की भीड़ को देखते सुविधा के लिए रेलवे ने यह निर्णय लिया। इसके लिए स्थानीय रेल प्रशासन को निर्देशित किया गया है। रेलवे स्टेशन परिसर में एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है, ताकि मरीज को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा सके। सीसीटीवी कैमरों के कंट्रोल रूम में सतर्कता के साथ रहने का निर्देश दिया है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर त्वरित कार्रवाई कर किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

You may have missed