October 25, 2026

छपरा के बाद अब बिहार के दो और जिलों में शराबकांड, सिवान में 5 और बेगूसराय में एक की मौत से हडकंप

पटना। बिहार के छपरा में मौत के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं। इसी बीच अब बेगूसराय और सिवान से भी चौकाने वाला मामला सामने आया है। सिवान में 5 लोगों की जबकि बेगूसराय में एक की मौत हो गई है। ज़हरीली शराब से इनकी मौत की आशंका जताई जा रही है। सिवान में मृतक दो लोगों का चोरी-छिपे अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेगूसराय जिले में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दो चचेरे भाइयों ने 4 लोगों के साथ शराब पी थी। इसमें एक की मौत हो गई। ज़हरीली शराब से मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना तेघड़ा थाना के पुराने बाजार की है। मौत के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई है। लोगों के बीच दहशत का माहौल है कि कहीं बेगूसराय में भी छपरा जैसे हालत न हो जायें। वहीं, सिवान में जहरीली शराब पीने से 5 लोगों की मौत हो गई जिसमें दो के शव बिना जांच के जलाए गए। फिलहाल मौत के आंकड़े बढ़ सकते हैं। वही छपरा में भी जहरीली शराब से मौत के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं। अब तक 53 लोगों की जान जा चुकी है। सबसे ज्यादा मौत मशरख में हुई है। मामला ज़िले के इसुआपुर थाना क्षेत्र का है, जहां जहरीली शराब से 53 लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय लोग काफी सहमें हुए हैं। उनका कहना है कि यहां कोरोना से भी ज्यादा भयावह स्थिति बनी हुई है।

You may have missed