August 23, 2026

सीओ की दादागिरी : रैयती जमीन में बने होटल को अतिक्रमण के नाम पर तोड़ा

दनियावां। बुधवार को दनियावां प्रखंड के नयका रोड के पास बिहटा-दनियावां सरमेरा सड़क मार्ग से लगभग चालीस फीट दूर अपने रैयती जमीन में विकलांग बेटे अर्जुन कुमार के साथ लगभग पांच लाख रुपये की लागत से छह माह पूर्व होटल बनाकर जीवन यापन कर रहे रविन्द्र गोप के होटल को सीओ ने बिना नोटिस दिए ही बलपूर्वक तोड़ दिया। पीड़ित अर्जुन कुमार का कहना है कि सरमेरा-दनियावां-बिहटा सड़क मार्ग बनने के दरम्यान मेरा पिता रविंद्र गोप के नाम से पांच प्लॉट जमीन सड़क में भू-अर्जन शाखा द्वारा अधिग्रहण किया गया है और उसका मुआवजा भी अभी तक नहीं मिला है। उसी रैयती जमीन का कुछ-कुछ अंश बचा हुआ था, उस पर अपने पिता के साथ होटल खोलकर अपना परिवार का भरण पोषण कर रहा था। बुधवार को सीओ अनिल राज दल बल के साथ पहुंचे और बिना नोटिस दिए सड़क किनारे अवैध रूप से लगे झोपड़ी व गुमटी को हटाया, साथ ही मेरे रैयती जमीन में बने होटल को भी बिना सूचना के तोड़ दिए। इस दरम्यान हमने सीओ से बार-बार विनती की, सर नापी करा मेरे होटल को तोड़ें फिर भी वे नहीं मानें। गुरुवार को पीड़ित परिवार दनियावां अंचल कार्यालय सीओ से मिलने गए पर सीओ अनुपस्थित मिले। घटना से ग्रामीणों में सीओ के प्रति आक्रोश देखा गया। सीओ से इस संबंध में पूछा गया तो बताया कि एनएचएआई के अधिकारियों के आदेश पर अतिक्रमण हटाया गया है। मुआवजा दे दिया गया है।

You may have missed