लालू की बहु ऐश्वर्या राजनीतिक रंग में रंगी, सिर पर पल्लू और हाथ जोड़े पिता के लिए मांगी वोट
छपरा। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू यादव की बहू और तेजप्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय राजनीतिक रंग में रंग गयी है। राजद से जदयू में आने के बाद परसा सीट से चुनाव लड़ रहे अपने पिता चंद्रिका राय को जिताने के लिए ऐश्वर्या शुक्रवार को चुनावी मैदान में सिर पर पल्लू लिए ऐश्वर्या लोगों के बीच हाथ जोड़कर पिता के लिए वोट देने की अपील करती नजर आई।
प्रचार अभियान के दौरान ऐश्वर्या ने लालू परिवार द्वारा अपने ऊपर हुए अन्याय का हवाला देते हुए लोगों से वोट देने की अपील की। ऐश्वर्या राय ने कहा कि मैं अपने पिता के लिए आप सभी लोगों से वोट मांगने आई हूं। यह परसा विधानसभा क्षेत्र के मान सम्मान की बात है।
बता दें चंद्रिका राय सारण जिले की परसा विधानसभा सीट से जदयू के टिकट पर किस्मत आजमा रहे हैं। इसके पहले वे राजद से चुनाव लड़ते रहे हैं, लेकिन राजद से संबंध खराब होने के कारण उन्होंने राजद को बाय-बाय कह दिया था और जदयू में शामिल हो गए थे। 21 अक्टूबर को ऐश्वर्या अपने पिता के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंच पर नजर आई थीं। उन्होंने नीतीश कुमार के पैर छुए थे। तब ऐश्वर्या ने खुद भी राजनीति में आने के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा कि मैं कुछ ही समय बाद आप लोगों के बीच आऊंगी। उस सभा में नीतीश कुमार ने तेजप्रताप यादव और ऐश्वर्या राय की शादी के टूटने का जिक्र करते हुए कहा था कि एक पढ़ी-लिखी लड़की से इस तरह व्यवहार हुआ।


