बिहार का सीवान और बेगूसराय बना कोरोना हॉट स्पॉट, बरती जा रही सख्ती

पटना। बिहार में कोरोना का एक और नया मामला सामने है। बेगूसराय के एक युवक का कोरोना सैंपल पॉजिटिव आया है। इसके पहले शनिवार को चार मामले मिले थे, जिनमें दो बेगूसराय के ही थे। सोमवार को मिले नये मामले को जोड़ दें तो बेगूसराय में कोरोना मरीजों की संख्या अब आठ हो गई है। जबकि राज्य में सर्वाधिक 29 मामले सिवान से मिले हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो सिवान जिला कोरोना का पहला हॉट स्पॉट बनकर उभरा है, वहीं आठ मामलों के साथ बेगूसराय दूसरा हॉट स्पॉट बन गया है। इसके साथ बिहार में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 65 पहुंच गया है, जिसमें कुल 22 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को बेगूसराय का एक 34 साल का युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। प्रशासन अब उसके संपर्कों की पड़ताल में लग चुकी है। डीएम अरविंद कुमार ने बताया कि बेगूसराय में मिले छह संक्रमितों का संबंध पहले पाए गए संक्रमित से रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 72 लोगों को आइसोलेशन वार्डों में रखा गया है। किसी प्रकार की सूचना व सहायता के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष 24 घंटे काम कर रहा है।
बता दें इसके पूर्व शनिवार को नवादा व बेगूसराय के दो-दो मामले मिले थे। नवादा के 45 साल के एक पुरुष तथा एक लड़की को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। लड़की पहले से कोरोना पॉजिटिव मरीज से संपर्क रही थी। शनिवार को बेगूसराय के एक युवक व एक वृद्ध को भी संक्रमित पाया गया था। इसे देखते हुए वहां प्रशासन ने कड़े कदम उठाते हुए संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित तेघड़ा अनुमंडल की सीमाओं को सील कर दिया गया है। बखरी अनुमंडल के कुछ गांवों को भी सील किया गया है। वहां लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। इसके लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है।

About Post Author

You may have missed