October 28, 2026

छपरा के चिल्ड्रेन पार्क के पास मिला युवक का शव, गोली मारकर हत्या की आशंका, सिर पर गंभीर चोट के निशान

छपरा। भगवान बाजार स्थित चिल्ड्रेन पार्क के पास एक युवक की लाश मिली है। युवक की उम्र लगभग 20 साल बताई जा रही है। उसके सिर में गंभीर जख्म के निशान हैं। पार्क के पास खून से लथपथ लाश को स्थानीय लोगों ने देखा, जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस प्रथमदृष्ट्या इसे हत्या का केस मान रही है। गोली मारकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल यह हत्या है या महज हादसा, इस बात का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इलाके में युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। लोग दहशत में हैं।

खून से सनी लाश को पार्क के पास से गुजर रहे लोगों ने देखा। भगवान बाजार थानाध्यक्ष मुकेश झा ने बताया कि इस बात की सूचना लोगों ने दी थी। युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। अंदेशा है कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं।

पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल भेजा गया है, लेकिन अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। युवक संभ्रांत परिवार का लग रहा है। आपसी रंजिश या फिर गलत संगत के कारण हत्या की संभावना है। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। इलाके के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

You may have missed