मोतिहारी में मेला देखकर लौटे युवक की गोली मारकर हत्या, परिवार के सामने बदमाशों ने मौत के घाट उतारा
मोतिहारी। मोतिहारी में मां और बहन के साथ दुर्गा पूजा का मेला देख कर मंगलवार की देर रात घर लौट रहे एक युवक को अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी है। राहगीरों की युवक के रोते बिलखते परिजनों पर नजर पड़ी, जिसके बाद उसे डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना घोड़ासहन थाना क्षेत्र के बलान रोड की है। बताया गया कि अपराधियों ने घोड़ासहन थाना क्षेत्र के महादेवा निवासी विदेशी महतो के 25 वर्षीय बेटे सुनील कुमार अपनी मां सांभा देवी और 10 साल की बहन सोनी को लेकर घोड़ासहन मेला दिखाने गया था। करीब 12 बजे रात में अपनी बाइक पर सभी को लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी बीच बलान रोड में करीब चार की संख्या में आए अपराधियों ने घेर लिया। सुशील के पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही सुशील वहीं गिर गया और अपराधी वहां से फरार हो गए। बहन और मां सुनसान रात में चिल्लाती रही। मृतक सुशील दो महीने पहले से बिजली की दुकान चला रहा था। उसी दुकान से घर का खर्च चल रहा था। रात में भी वह दुकान पर ही था। बहन के कहने पर दुकान बंद कर मेला दिखा कर लौट रहा था तभी घटना हो गई। सुशील की ढाई साल पहले शादी हुई थी, जिससे एक ढाई महीने की एक बेटी है। पत्नी, मां, बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। सिकरहना एसडीपीओ अशोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही ही पुलिस टीम भेज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं। इस वजह से घटना के कारण का पता नहीं चल सका है। हर बिंदु पर जांच की जा रही है। दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।