PATNA : शौच करने गई महिला से गैंगरेप, एक आरोपित गिरफ्तार
विक्रम। पटना के विक्रम थाना क्षेत्र में शौच करने गई महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को शुक्रवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो आरोपी की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जाता है कि गुरुवार की शाम विक्रम थाना क्षेत्र के आजाद नगर की एक 30 वर्षीय महिला घर के कुछ दूरी पर शौच के लिए गई थी। इसी क्रम में पूर्व से घात लगाए तीन युवकों ने महिला को जबरन घसीट कर पास के एक खेत में ले गए और बारी-बारी से तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़ित महिला किसी तरह भागकर अपने घर पहुंची और परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही देर रात परिजन विक्रम थाना पहुंचे और एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए नामजद अभियुक्त अमर कुमार नट को आजाद नगर उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।
विक्रम थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि महिला का मेडिकल कराया जा चुका है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी मची हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि बाकी बचे दो लोगों को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।