पश्चिम चंपारण में महिला ने घर में फांसी का फंदा लगाकर की आत्महत्या, कमरे में छप्पर से लटका मिला शव

पश्चिम चंपारण । जिले के सिरिसिया ओपी क्षेत्र के मचहा गांव में शनिवार की रात एक महिला ने घर में फांसी का फंदा लगा अपनी जान दे दी। आधी रात को बच्चों के रोने की आवाज पर घर के लोग महिला के कमरे में गए तो उसका शव छप्पर से लटक रहा था।

उसकी पहचान सिरिसिया ओपी क्षेत्र के मचहा के जगदीश राम की पत्नी शोभा देवी ( 25 ) के रूप में हुई है।  सूचना पर पहुंची सिरिसिया ओपी पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा है।

पति जगदीश राम करीब तीन माह से जम्मू कश्मीर में मजदूरी करने गया है। शोभा के दो बेटे हैं चार व एक साल का। वह अपने सास-ससुर और बच्चों के साथ घर में रहती थी। आसपास के लोगों ने बताया कि शोभा की शादी करीब पांच साल पहले जगदीश राम से हुई थी।

मृतक के परिजनों ने बताया कि शनिवार की रात शोभा खाना खाकर बच्चों के साथ सोने चली गई। आधी रात को बच्चे रोने लगे। रोने की आवाज सुनकर घर के लोग कमरे में गए तो उसका शव लटकते देखा। तब लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

मृतक के पिता सिरिसिया अड्डा के नत्थूराम ने बताया कि उसकी बेटी मानसिक रूप से कमजोर थी। एक दिन पहले वह अपनी बेटी से मिलकर वापस लौटे थे। तब सब कुछ ठीक था। घटना का कारण अभी उसे भी समझ में नहीं आ रहा है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रणय कुमार ने बताया कि पिता ने अपनी बेटी की मानसिक रूप से कमजोर होने की बात कही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

About Post Author

You may have missed