बिहार में पुरवैया हवा बदला मौसम, अगले 48 घंटे में वर्षा का पूर्वानुमान जारी

पटना। बिहार के दक्षिण पश्चिम भाग में नमी युक्त पुरवा व पछुआ का मिलन क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से हल्के स्तर के बादल और धुंध जैसी स्थिति बनी हुई है। वहीं, प्रदेश के उत्तर पूर्व जिलों में नमी युक्त पुरवा हवा के कारण बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। उत्तर पूर्व जिले के किशनगंज, अररिया समेत कई भागों में हल्की बारिश होने से पारे में गिरावट आई है। वहीं, इसका प्रभाव राजधानी पटना समेत आसपास क्षेत्रों में बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार को 39.8 डिग्री सेल्सियस के साथ रोहतास और शेखपुरा प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान फारबिसगंज का 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राजधानी के अधिकतम तापमान में सामान्य से दो डिग्री की गिरावट के साथ 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, पुरवा हवा के कारण प्रदेश के उत्तर पूर्व जिलों के एक दो स्थानों पर अगले दो दिनों तक आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। पांच से सात अप्रैल तक प्रदेश के अन्य हिस्सों का मौसम शुष्क बना रहने के साथ तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा।

About Post Author

You may have missed