नहीं रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता सदानन्द सिंह, बिहार के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर, राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि

  • सदाकत आश्रम में सदानंद सिंह को कांग्रेसजनों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

पटना। बिहार कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सदानंद सिंह का बुधवार की सुबह निधन हो गया। सदानंद सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें लीवर की समस्या थी। पटना के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका कई दिनों से अस्पताल में इलाज चल रहा था। गुरुवार को कहलगांव में उनके पार्थिव शरीर की अंत्येष्टि होगी, जिसमें बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्तचरण दास, प्रभारी सचिव वीरेंद्र सिंह राठौड़, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर उनको अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उनके निधन के उपरांत बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में उनके पार्थिव शरीर को लाया गया। जहां प्रदेश कांग्रेस नेताओं द्वारा उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कांग्रेस ने प्रदेश मुख्यालय सहित जिले भर के कार्यालयों में अपने झंडे को तीन दिन के लिए झुका कर स्व. सदानंद सिंह के निधन पर शोक जाहिर किया है। वहीं सदानंद सिंह के निधन से बिहार के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
बता दें स्व. सदानंद सिंह बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के अलावे वर्ष 2000 से 2005 तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे। वे कांग्रेस विधायक दल के नेता के तौर पर दस वर्ष तक पद पर रहे। भागलपुर जिले के कहलगांव विस क्षेत्र से लगातार चुनाव जीतते रहे और नौ बार विधायक चुने गए। वे बिहार सरकार में सिंचाई और ऊर्जा राज्यमंत्री रह चुके थे।
सदानंद सिंह का निधन बिहार के राजनीति के लिए बड़ी क्षति
इधर, बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास ने उनके निधन पर कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में से एक सदानंद सिंह का जाना पार्टी सहित बिहार के राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है, जिसका निकट भविष्य में पूर्ति संभव नहीं है। उन्होंने स्व. सिंह को कांग्रेस का सच्चा सिपाही बताया।
वहीं सदानंद सिंह के निधन पर दु:ख जताते हुए बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि बिहार के सर्वमान्य नेता, कांग्रेस के योद्धा, मेरे पिता तुल्य सदानंद सिंह का स्वर्गवास हो गया। उनके निधन से बिहार के एक राजनीतिक युग का अवसान हुआ है। वे हमारे मार्गदर्शक के रूप में रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर स्व. सिंह के आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस असहनीय दु:खद घड़ी को सहने की शक्ति दे।
कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजीत कुमार शर्मा ने कहा कि स्व. सदानंद बाबू के निधन से मेरी व्यक्तिगत क्षति हुई है। वे सदैव मेरे अभिभावक के रूप में मुझे मार्गदर्शन देते रहें हैं। उनके निधन से मैंने अपना पथ प्रदर्शक खो दिया।
कांग्रेस ने झुकाया अपना झंडा और रद्द किए सभी कार्यक्रम
बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व बिहार के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सदानंद सिंह के निधन से कांग्रेस नेता शोक में डूबे हैं। इस बाबत प्रदेश मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने जानकारी दी कि बिहार कांग्रेस ने प्रदेश मुख्यालय सहित जिले भर के कार्यालयों में अपने झंडे को तीन दिन के लिए झुका कर स्व. सदानंद सिंह के निधन पर शोक जाहिर किया। साथ ही उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश कांग्रेस के चल रहे सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है।
इन्होंने किया श्रद्धांजलि अर्पित
स्व. सदानंद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने वाले नेताओं में प्रमुख रूप से अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव तारिक अनवर, मुकुल वासनिक, शक्ति सिंह गोहिल, बिहार के प्रभारी सचिव अजय कपूर, बीरेन्द्र सिंह राठौड़, बृज लाल खबरी, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार, अखिलेश प्रसाद सिंह, चन्दन यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, परवेज हाशमी, बिहार विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ. शकील अहमद एवं चंदन वागची, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी, डॉ. समीर कुमार सिंह, श्याम सुन्दर सिंह धीरज, डॉ.अशोक कुमार, विधान पार्षद प्रेमचन्द्र मिश्रा, विधायक राजेश कुमार, प्रतिमा कुमारी दास, इजहारूल हुसैन, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमेन राजेश राठौड़, संजीव सिंह, पूर्व विधायक कृपानाथ पाठक, नरेन्द्र कुमार, पूनम पासवान, भावना झा, डॉ. हरखू झा, अर्जुन मंडल, रविन्द्र नाथ मिश्रा, सतीश कुमार, डॉ. ज्योति, ब्रजेश प्रसाद मुनन, लाल बाबू लाल, आनन्द माधव, जया मिश्रा, स्नेहाशीष वर्धन, गुंजन पटेल, राजेश कुमार सिन्हा, अम्बुज किशोर झा, शशि प्रताप शाही आदि शामिल हैं।

About Post Author

You may have missed