October 31, 2026

नालंदा : शराब कारोबारी को ले जा रही पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, 10 पुलिसकर्मी घायल, 2 की हालत गंभीर

नालंदा, बिहार। नालंदा के परवलपुर थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में रविवार की देर शाम शराब की सूचना पर छापेमारी करने गांव पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में थानाध्यक्ष समेत 10 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दरअसल, परवलपुर थाना के थानाध्यक्ष रमन कुमार वशिष्ठ देर शाम गांव में छापेमारी करने के लिए पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे थे। जहां से 10 लीटर चुलाई शराब के साथ मंटू यादव को गिरफ्तार कर पुलिस अपने साथ ला रही थी। तभी रास्ते में ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद रोड़ेबाजी कर दी। इस घटना में थाना अध्यक्ष रमन कुमार वशिष्ठ के अलावे अन्य 10 पुलिसकर्मी संतोष कुमार, गोरे लाल यादव, सी के सिंह, वैजनाथ राम, विजेंद्र दास, अरविंद सिंह, विजय यादव, उमेश प्रसाद जख्मी हो गए। इनमें संतोष और बैजनाथ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस टीम पर रोड़ेबाजी और हमले की सूचना पर वरीय अधिकारी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और छापेमारी में जुट गए हैं। हिलसा डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि रविवार की शाम पुलिस शराब चुलाई की सूचना पर मानिकपुर गांव छापेमारी करने पहुंची थी। एक धंधेबाज को पुलिस पकड़ कर अपने साथ ला रही थी। तभी कुछ ग्रामीण इकट्ठा हो गए और पुलिस बल पर हमला कर दिया। दोषियों को चिन्हित कर पुलिस कार्यवाही में जुट गई है।

You may have missed