प्रदेश में रेमल चक्रवात के कारण आज से दो दिनों तक आंधी बारिश का अलर्ट, 28 के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी

पटना। राजधानी पटना समेत बिहार के कई जिले इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आज शाम तक तेज बारिश की संभावना जताई है। इनमें भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया के अलावा सीमांचल का इलाका शामिल है। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में उठा साइक्लोन रेमल 26 मई को बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तट से टकराएगा। इसका असर बिहार में भी देखने को मिल सकता है। इस दौरान तेज हवा और बिजली चमकने के साथ-साथ तेज बारिश के आसार है। 26 मई को उत्तर बिहार के सभी जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावनाएं जताई गई है। इसमें किशनगंज, पूर्णिया, सुपौल, अररिया, कटिहार और मधेपुरा समेत कई जिले शामिल हैं। वहीं, दक्षिण बिहार के भी कुछ जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, रेमल एक कमजोर साइक्लोन है। इससे ज्यादा नुकसान होने की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एसके पटेल ने बताया कि 28 मई से हवा का रुख बदलेगा और पछुआ हवा चलेगी। इस वजह से अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
24 घंटे में कैसा रहा बिहार का मौसम
प्रदेश के कई जिलों में पिछले तीन दिनों से बारिश के बाद अधिकतम तापमान 40 डिग्री के नीचे ही दर्ज गई थी। शुक्रवार को बिहार के 9 जिलों का अधिकतम तापमान एक बार फिर से 40 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया। इधर, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा की वजह से बिहार में शुक्रवार को भी कहीं लू नहीं चली। पुरवैया हवा की रफ्तार कम होने और तेज धूप निकलने की वजह से बक्सर समेत 9 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार रहा। प्रदेश का सबसे गर्म जिला 42.1 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर रहा। वहीं, पिछले 24 घंटे में मधुबनी, बेगूसराय, शेखपुरा समेत 9 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा मधुबनी के झंझारपुर में 16 एमएम हुई। पटना बिहार में प्री-मानसून सीजन में अबतक 14 फीसदी अधिक बारिश हुई है।
13 से 18 जून के बीच पूर्णिया पहुंचेगा मानसून
बिहार में 13 से 18 जून के बीच मानसून पूर्णिया के रास्ते प्रवेश करेगा। इस बार सामान्य से अधिक वर्षा होने के आसार हैं। वहीं, इस बार मानसून अपने निर्धारित समय से एक दिन पहले यानी 19 मई को अंडमान और निकोबार पहुंचा था। इसके बाद अपने नियमित रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। अगर तूफान का असर नहीं पड़ता है तो तय समय यानी 31 मई को मानसून केरल पहुंचेगा और समय से बिहार में भी दस्तक दे सकता है।

About Post Author

You may have missed