September 8, 2026

नवादा : कौआकोल ब्लॉक परिसर में दर्जनों असामाजिक तत्वों ने आधे घंटे तक मचाया उत्पात, अंचल गार्ड को पीटा

नवादा । कौआकोल ब्लॉक परिसर में दर्जनों असामाजिक तत्वों ने घुसकर लगभग आधे घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान असामाजिक तत्वों ने बीडीओ संजीव कुमार झा और उनके सरकारी वाहन का चालक बंगाली पासवान एवं अंचल गार्ड के साथ दुर्व्यवहार भी किया। अंचल गार्ड के विरोध करने पर उनकी जमकर पिटाई भी की गई। घटना की सूचना बीडीओ ने कौआकोल पुलिस को भी दी, परन्तु पुलिस सूचना के लगभग आधा घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची तो सभी लोग ब्लॉक परिसर छोड़कर भाग गए।

दरअसल, ब्लॉक परिसर में इन दिनों लगातार चोरी की हो रही घटनाओं को लेकर बीडीओ संजीव कुमार झा ने परिसर में ड्यूटी पर तैनात अंचल गार्ड को किसी बाहरी संदिग्ध व्यक्ति के अनावश्यक प्रवेश पर उनसे पूछताछ करने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में परिसर से सटे बिझो गांव के कुछ युवक ब्लॉक परिसर में घुसे थे। ड्यूटी पर तैनात अंचल गार्ड सच्चिदानंद सिंह और वीरेंद्र कुमार ने उन लोगों से पूछताछ की, इसके बाद युवक अंचल गार्ड से ही उलझ गया। गार्ड ने विरोध किया तो युवकों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी।

इसके बाद गार्ड ने इसकी सूचना बीडीओ को दी। बीडीओ ने युवकों को डांट फटकार कर भगा दिया गया। इसके बाद युवक ने दर्जनों महिलाओं एवं पुरुषों को साथ लेकर कैंपस में घुस गए व हंगामा किया। मामला बढ़ता देख बीडीओ अपने आवासीय परिसर में चले गए। युवकों ने कैंपस में जमकर उत्पात मचाया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आते देखकर हंगामा कर रहे लोग फरार हो गए। बीडीओ के गार्ड के बयान पर कौआकोल थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस के अनुसार मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के खंगाला जा रहा है। गार्ड के साथ मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है।

You may have missed