गया में मौत बनकर आसमान से गिरा वज्रपात, ठनका गिरने से दो बच्चे समेत एक युवक की गई जान

गया। बिहार के गया जिलें के बेलागंज प्रखंड के काजी फतेहपुर गांव में ठनका गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में दो बच्चे समेत एक युवक शामिल हैं। वहीं, दो बच्चे घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। जानकारी के मुताबिक, गांव के कुछ बच्चे शाम में खेल रहे थे। इसी दौरान बारिश आई। बारिश से बचने के लिए बच्चे बधार में स्थित एक आम के पेड़ के नीचे छिप गए। उन बच्चों के साथ गांव का एक युवक भी था। जिसकी पहचान 26 वर्षीय मुन्ना ठाकुर के रूप में हुई है। इसी बीच पेड़ के ऊपर बिजली गिरी। इससे पेड़ के नीचे छिपे सभी लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों की नजर पड़ी तो लोगों ने आनन फानन में सभी को बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में दो बच्चे और एक युवक शामिल हैं। मृतकों की पहचना फतेहपुर निवासी दीपक कुमार (10 वर्ष), पिंटू कुमार (8 वर्ष) और 26 वर्षीय मुन्ना ठाकुर के रूप में हुई है। वहीं, काजी फतेहपुर निवासी कमलेश यादव के 9 वर्षीय बेटा गुड्डू कुमार और एक अन्य युवक को गंभीर स्थिति में प्राथमिक उपचार के बाद शहर के जेपीएन अस्पताल गया रेफर कर दिया गया। घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है।

About Post Author