खबरें फतुहा की : डीएम ने विकास योजनाओं का किया निरीक्षण, पत्रकार को पितृ शोक, दंपति का नहीं चला अता-पता, युवक की हुई पहचान

डीएम ने कई गांव में विकास योजनाओं का किया निरीक्षण, ग्रामीणों से लिया फीडबैक
फतुहा। बुधवार को पटना डीएम चन्द्रशेखर सिंह फतुहा पहुंचे तथा पीताम्बरपुर पंचायत के कई गांव में विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। उनके साथ बीडीओ धर्मवीर कुमार, सीओ अनीता भारती, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता वर्मा, सीडीपीओ जया मिश्रा समेत प्रखंड के कई पदाधिकारी मौजूद थे। वहीं निरीक्षण के दौरान पंचायत के सभी जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
डीएम ने सबसे पहले नल जल योजना का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से इस बारे में फीडबैक लिया। कुछ जगहों पर डीएम को नल जल योजना की ग्रामीणों द्वारा शिकायत भी सुनने को मिली। मौके पर ही कनीय पदाधिकारियों को इस योजना के तहत मिली शिकायत को सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने सोनारु व पीताम्बरपुर में आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। दोनों गांव के पीडीएस दुकान का भी निरीक्षण किया तथा दुकान में अनाज भंडारण का जायजा लिया। इस संदर्भ में भी उन्होंने ग्रामीणों से फीडबैक प्राप्त किया। ग्रामीणों ने गांव में अधूरे पड़े गली नली योजना को पूरा करने की मांग की, जिस पर उन्होंने जल्द ही पूरा करवाने का आश्वासन दिया। पंचायत में एक विशाल कुएं की मरम्मती कार्य का भी जायजा लिया। करीब एक घंटे के निरीक्षण के बाद डीएम चन्द्रशेखर सिंह पटना वापस लौट गये।

पत्रकार को पितृ शोक
फतुहा। बुधवार अहले सुबह फतुहा व दनियावां के हिन्दी दैनिक अखबार के पत्रकार सुधीर कुमार सिंह के 77 वर्षीय पिता तपेशवर सिंह का निधन हो गया। वह पिछले दो महीने से बिमार चल रहे थे। वे अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार स्थानीय सम्मसपुर स्थित श्मशान घाट पर कर दिया गया। उनके निधन पर पत्रकारों ने सुधीर कुमार सिंह से मिलकर शोक संवेदना प्रकट किया है।

गंगा में छलांग वाले दंपति का नहीं चला अता-पता
फतुहा। बीते मंगलवार की शाम कच्ची दरगाह के पीपा पुल से गंगा में छलांग वाले दंपति का दूसरे दिन बुधवार को भी कुछ पता नहीं चला। एसडीआरएफ की टीम पूरे दिन दंपति की तलाश के लिए गंगा में खाक छानती रही लेकिन दंपति का कुछ अता पता नहीं चला। विदित हो कि बीते शाम मालसलामी के दंपति संजय साव व उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी पीपापुल पर आकर गंगा में बारी-बारी से छलांग लगा दी थी। जानकारी होते ही नदी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर तलाशी के लिए एसडीआरएफ की टीम लगाया था। शाम अधिक हो जाने के कारण गंगा में तलाशी ठीक ढंग से नहीं हो पायी थी। दंपति का गंगा में छलांग लगाने का कारण स्पष्ट तो नहीं हो सका, लेकिन बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के कारण दंपति ने यह कदम उठाया है।

गोली लगे युवक की हुई पहचान
फतुहा। बीते दिनों गोरी पुंदाह गांव के खंदा में मिले गोली लगे युवक की पहचान हो गयी है। मृतक जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र का निवासी ऋषभ उर्फ शिवम कुमार है। जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश ने बताया कि मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। जल्द ही मृतक के हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। विदित हो कि कुछ दिन पहले गोरी पुंदाह गांव के खंदा से एक युवक की शव बरामद किया गया था। मृतक के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। मृतक के हाथ में किरण नाम का टैटू छपा हुआ था।

About Post Author

You may have missed